Dhurwa Dam: राजधानी रांची के धुर्वा डैम में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम का माहौल है, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान हटिया क्षेत्र निवासी श्रेया गाड़ी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, श्रेया अपने परिवार के साथ धुर्वा डैम घूमने आई थी। इसी दौरान डैम के फाटक के नीचे घूमते समय उसका पैर अचानक फिसल गया, जिससे वह हादसे का शिकार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र चिकित्सा विज्ञान संस्थान (RIMS) भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में हादसा दुर्घटनावश होने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस दुखद घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
