कोडरमा: कोडरमा पुलिस ने चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक की डिक्की से गहनों की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए ओडिशा के एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सभी गहने, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और डिक्की का लॉक खोलने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली मास्टर-की भी बरामद की है।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बताया कि 8 जुलाई को हुई घटना के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर डीएसपी (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ओडिशा के जाजपुर जिले पहुंची, जहां से राजू दास, धनराज प्रधान और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरोह में महिला की भी थी अहम भूमिका
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात के बाद चोरी के गहनों से भरा बैग राजू दास की पत्नी को सौंप दिया गया था। योजना के अनुसार दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से ओडिशा लौट गए, जबकि महिला ट्रेन के जरिए चोरी का सामान लेकर पहुंचने वाली थी। पुलिस के अनुसार, गिरोह में महिला की जिम्मेदारी रेकी करना और चोरी का सामान सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना था।
कई राज्यों में फैला है नेटवर्क
जांच में पता चला है कि यह गिरोह ओडिशा के कई जिलों में सक्रिय है। इसके अलावा गिरोह के सदस्य दिल्ली, मुंबई, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
पेट्रोल भरवाने के दौरान हुई थी चोरी
पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई की शाम स्वर्ण व्यवसायी अशोक सोनी उरवां स्थित पेट्रोल पंप पर अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने मास्टर-की की मदद से बाइक की डिक्की खोली और उसमें रखा गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया। बरामद सभी गहने सुरक्षित जब्त कर लिए गए हैं और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
