रामगढ़ की दीपिका दास राय ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम, नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स में जीता सिल्वर मेडल

रामगढ़ की एथलीट दीपिका दास राय ने गोवा में आयोजित नेशनल विमेंस मास्टर्स एथलेटिक्स में हैमर थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीतकर राज्य और जिले का गौरव बढ़ाया।

Dayanand Roy
2 Min Read

रामगढ़ जिले की प्रतिभाशाली एथलीट दीपिका दास राय ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए रामगढ़ का नाम रोशन किया है। गोवा में आयोजित नेशनल विमेंस मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उन्होंने हैमर थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

शास्त्री नगर निवासी दीपिका दास राय ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया और सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उनकी इस सफलता से खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

दीपिका इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। नवंबर 2025 में जमशेदपुर में आयोजित राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उन्होंने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर अपनी क्षमता का परिचय दिया था।

राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के बाद रामगढ़ लौटने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समर्थकों और खेल प्रेमियों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

दीपिका दास राय ने कहा कि उनका लक्ष्य अब एशियाई स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने बताया कि वे लगातार अभ्यास कर रही हैं और भविष्य में देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करना चाहती हैं।

हालांकि उन्होंने जिले में खेल सुविधाओं की कमी की ओर भी ध्यान दिलाया। उनका कहना है कि रामगढ़ में थ्रो इवेंट के लिए उपयुक्त ग्राउंड उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण उन्हें अभ्यास के लिए वेस्ट बोकारो घाटो और कभी-कभी जमशेदपुर तक जाना पड़ता है। उन्होंने जिला प्रशासन से खिलाड़ियों के लिए समुचित थ्रो ग्राउंड विकसित करने की मांग की है, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *