पाकुड़ पुलिस का बड़ा एक्शन: रंगदारी, फायरिंग और कॉपर केबल चोरी कांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

पाकुड़ पुलिस ने फायरिंग, रंगदारी और कॉपर केबल चोरी मामलों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस और चोरी का सामान बरामद हुआ।

Dayanand Roy
3 Min Read

पाकुड़ पुलिस ने अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन गंभीर मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने हिरणपुर फायरिंग कांड, अमड़ापाड़ा में सड़क निर्माण कंपनी से रंगदारी मांगने और नगर थाना क्षेत्र में कॉपर केबल चोरी मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, चोरी का कॉपर केबल और घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।

हिरणपुर फायरिंग कांड में दो गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार, 19 मई 2026 को हिरणपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी कालीचरण मंडल के साथ मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी। मामले में हिरणपुर थाना कांड संख्या-27/26 दर्ज कर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी संदीप मंडल को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी दर्शन मंडल को भी पकड़ा गया। तलाशी के दौरान एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, दर्शन मंडल के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हथियार बरामदगी को लेकर अलग से आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

50 लाख रंगदारी मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य कर रही कंपनी से 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में भी पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस के मुताबिक, 14 मई की रात अपराधियों ने निर्माण कंपनी के वाहनों को रोककर पुराने भारतीय नोटों के नाम पर रंगदारी की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसआईटी का गठन किया गया। जांच के बाद पुलिस ने चाँद हांसदा उर्फ चुटिया और चांस सोरेन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

कॉपर केबल चोरी कांड का भी खुलासा

नगर थाना क्षेत्र स्थित पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय से कॉपर केबल चोरी मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हाबिब शेख उर्फ मुन्ना शेख को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर करीब 50 फीट कॉपर केबल और तार काटने में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *