सरकारी काम में बाधा डालने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी : विजय सिन्हा

Dayanand Roy
4 Min Read

भू-माफिया और दलालों को दी सख्त चेतावनी

पटना : उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रभारी विजय सिन्हा ने जमीन विवाद को लेकर भू-माफिया और दलालों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने  कहा है कि वो किसी से डरते नहीं है। सरकारी काम में बाधा डालने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।

विजय सिन्हा शुक्रवार को पटना के गांधी घाट पर  महात्मा गांधी को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने के बाद  मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होने कहा कि राजस्व विभाग के द्वारा जो भी निर्णय लिया जा रहा है वो जनता के हित में लिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राजनीति में वह अटल बिहारी वाजपेयी के उस विचार को मानते हैं कि “जो कफन बांधकर निकलता है, उसे कोई पराजित नहीं कर सकता।” उन्होंने कहा कि हम कफन बांधकर चलते हैं, हमें किसी का डर नहीं है। हमने अपना पहला चुनाव ही अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ लड़ा था। उन्होंने कहा कि भूमि से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे अधिकारी हों, बिचौलिये हों या दलाल जो भी गलत काम में शामिल होंगे उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। विजय सिन्हा ने कहा कि गरीबों को इंसाफ दिलाना उनका कर्तव्य है और जो जिम्मेदारी उन्हें मिली है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वास पर खरा उतरना ही उनका लक्ष्य है।

जनता के हित में जो सही होगा, उसे कानून और नियम के तहत किया जाएगा और किसी भी दबाव में पीछे नहीं हटेंगे। उपमुख्यमंत्री ने दलालों और भू माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अब होशियार हो जाएं। उन्होंने कहा कि जो लोग बिहार में बदलाव चाहते हैं, गरीबों के आंसू पोंछना चाहते हैं और महिलाओं व बच्चों के दर्द को समझते हैं, वे भूमि सुधार और जनसंवाद जैसे कदमों का विरोध नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का विरोध वही लोग करेंगे, जो प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से दलालों और भू माफियाओं के साथ खड़े हैं। सीओ (अंचल अधिकारी) से जुड़े मामलों पर विजय सिन्हा ने कहा कि यदि किसी के खिलाफ प्रमाण मिलते हैं-चाहे ऑडियो, दस्तावेज या चैटिंग तो पहले पूरी जांच की जाएगी। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग बिना अनुमति सरकारी कार्य में हस्तक्षेप कर सीओ के पक्ष में बोलने आए थे, जिन्हें चेतावनी दी गई है। सरकारी काम में बाधा डालने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विजय सिन्हा ने कहा कि मां भारती की संतानों के लिए तुष्टिकरण नहीं, बल्कि संतुष्टि करण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महात्मा गांधी के संदेशों को अपने जीवन में उतार रहे हैं और 21वीं सदी में जाति-विहीन समाज के निर्माण के संकल्प के साथ ‘सबका साथ, सबका विकास और न्याय के साथ विकास’ के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने आज़ादी की लड़ाई में योगदान देने वाले सभी महापुरुषों को नमन किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *