सीएम नीतीश का अब ‘सबका सम्मान,जीवन आसान ‘ पर है फोकस

Dayanand Roy
3 Min Read

 

बुजुर्गों को जरूरत पड़ने पर घर पर ही अत्यावश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो

 

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का फोकस अब ‘सबका सम्मान, जीवन आसान ‘ पर है।वह चाहते हैं कि बुजुर्गों को घर बैठे ही जरूरी स्वास्थ्य सुविधायें मिले। इसके लिए उन्होने जनता से भी सुझाव देने को कहा है।

नीतीश कुमार  ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी दी है। उन्होने पोस्ट  में कहा है कि 24 नवंबर 2005 को राज्य में जब से हमलोगों की सरकार बनी, तब से न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर चलते हुए हमलोगों ने समाज के सभी वर्ग के लोगों के उत्थान एवं हर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है। हमलोगों ने पूरे बिहार को अपना परिवार माना है और सबके मान और सम्मान का पूरा ख्याल रखा है। अब राज्य में समाज के हर वर्ग के लोग सम्मान के साथ आसानी से जीवन व्यतीत कर सकें इसे लेकर हमलोगों ने गंभीरता से कार्य प्रारंभ कर दिया है।

हमलोगों ने वर्ष 2025 से 2030 के लिए राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया है। सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ का उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करना तथा उनके जीवन को और भी आसान बनाना है।

सबसे पहले हमलोगों की कोशिश है कि राज्य के जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को जरूरत के समय उनके घर पर ही अत्यावश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। जैसे…

नर्सिंग सहायता की सुविधा

घर पर ही पैथोलॉजी जांच की सुविधा

ब्लड प्रेशर जांच और ईसीजी जांच की सुविधा

फिजियोथेरेपी की सुविधा

आपातकालीन स्थिति में सभी प्रकार की चिकित्सकीय सहायता

राज्य के वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधित उपरोक्त सभी सुविधाएं उन्हें घर पर ही मिल सकें, इसे लेकर हमलोगों ने स्वास्थ्य विभाग को तेजी से काम करने का निर्देश दिया है।

राज्य के वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को आसान बनाने हेतु और क्या-क्या सुविधाएं दी जा सकती हैं, इसे चिह्नित किया जाना भी आवश्यक है। उन्होने इस संबंध में जनता से भी कहा है कि अगर वे कोई विशिष्ट सुझाव देना चाहते हों तो अपने बहुमूल्य सुझाव  दे सकते हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *