प्रिंस खान ने दुबई से दो करोड़ की मांगी फिरौती, जान से मारने की धमकी

Dayanand Roy
2 Min Read

चतरा : हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा कला गांव निवासी प्रेमचंद सिंह को व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस रिकॉर्डिंग के माध्यम से दो करोड़ रुपये की फिरौती की मांग किए जाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में हंटरगंज थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

Contents

 

प्रेमचंद सिंह ने अपने आवेदन में बताया कि 11 दिसंबर  को दोपहर करीब 13:24 बजे उनके मोबाइल नंबर पर अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सऐप नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम “प्रिंस खान” बताते हुए दुबई से बात करने का दावा किया। इसके बाद व्हाट्सऐप पर धमकी भरी वॉइस रिकॉर्डिंग एवं यूट्यूब वीडियो भेजे गए।

 

आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने दो करोड़ रुपये की मांग करते हुए रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने यह भी कहा कि उसे पीड़ित के बारे में पूरी जानकारी है और पुलिस अथवा किसी अधिकारी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। यही नहीं, पीड़ित के बेटे की शादी का हवाला देते हुए परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।

 

पीड़ित के अनुसार उसी दिन शाम करीब 16:13 बजे फिर से व्हाट्सऐप कॉल कर दो करोड़ रुपये की मांग दोहराई गई। इस घटना से पूरा परिवार भयभीत है।

 

प्रेमचंद सिंह ने पुलिस से मांग की है कि धमकी देने वाले व्हाट्सऐप नंबर के धारक के खिलाफ तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सबूत के तौर पर ऑडियो रिकॉर्डिंग, वीडियो और मोबाइल स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं।

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *