गरबा और डांडिया की धुन पर थिरके पांव

Dayanand Roy
3 Min Read

श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में भव्य डांडिया और गरबा महोत्सव का हुआ आयोजन

 रांची : नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में एवं नृत्य श्री डांस स्टूडियो के सौजन्य से श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग परिसर में भव्य डांडिया एवं गरबा नृत्य महोत्सव का गुरूवार को आयोजन किया गया।

यह आयोजन धार्मिक श्रद्धा और सांस्कृतिक उत्साह का अद्वितीय संगम बन गया, जहां सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं युवा पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे मंदिर परिसर में एकत्र हुए और गरबा-डांडिया की लयबद्ध धुनों पर देर रात तक थिरकते रहे।

यह पांच घंटे तक चला महोत्सव सांस्कृतिक जीवंतता का अद्वितीय उदाहरण बना। गरबा एवं डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। नृत्य श्री डांस स्टूडियो की संयोजिका पिंकी सिंह एवं प्रशिक्षक श्रीराम सोनी के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने गरबा की पारंपरिक और आधुनिक शैली का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।

रंग-बिरंगी पोशाकों, पारंपरिक आभूषणों और गरबा की तालियों की गूंज से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं उल्लासमय हो उठा। महोत्सव के दौरान लाइव म्यूजिक की धुनों ने समां बांधा, वहीं भजनों एवं लोकधुनों पर आधारित प्रस्तुतियों ने आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत समूह नृत्य, एकल नृत्य एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को आनंद से भर दिया।

महोत्सव में उपस्थित लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने इस सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह महोत्सव न केवल श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने का माध्यम है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने एवं नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रयास भी है।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं आयोजन टीम को धन्यवाद देते हुए सभी को नवरात्रि की मंगलकामनाएं दीं।ट्रस्ट की ओर से आयोजित यह आयोजन जहां एक ओर धर्म और भक्ति का संदेश लेकर आया, वहीं दूसरी ओर समाज को एकजुट कर एक उत्सवधर्मी वातावरण का निर्माण किया। ऐसी भव्यता एवं भक्ति से परिपूर्ण आयोजन निश्चित रूप से शहर की सांस्कृतिक धरोहर में एक उल्लेखनीय अध्याय जोड़ता है।

इस अवसर पर- पुजारी अरविंद पांडे,नंदकिशोर चौधरी, विशाल जालान, संजय सर्राफ, विद्या देवी अग्रवाल, अमित जालान, पवन पोद्दार, आनंद अग्रवाल,रजत अग्रवाल, सुमन चौधरी, ललिता पोद्दार, रेखा पोद्दार, रिंकी पांडे, सृष्टि पांडे, श्रेष्ठ पांडे, अनीता अग्रवाल अनुराधा सर्राफ, अंशु अग्रवाल, आशीष, हरीश, सूरज, सत्यम, मुरली, सुधीर, धीरज,सहित बड़ी संख्या में महिलाएं पुरुष उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *