भाजपा को भ्रष्टाचार पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं : विनोद पांडेय

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची : भाजपा प्रवक्ता के बयान पर झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोमवार को कहा कि भाजपा झूठ फैलाकर भ्रष्टाचार पर बोलने का नैतिक अधिकार खो चुकी है।

जिस तरह से भाजपा नेता ने सुरक्षा उपकरणों की खरीद को लेकर राज्य सरकार पर निराधार आरोप लगाए हैं, वह पूरी तरह से राजनीतिक साज़िश का हिस्सा है। विनोद पांडेय ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है। सुरक्षा उपकरणों की खरीद से जुड़ा मामला प्रारंभ से ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार देखा जा रहा है।

शिकायत आने के बाद सरकार ने न केवल संज्ञान लिया बल्कि जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की समिति गठित की है। समिति की कार्यवाही नियमों के तहत चल रही है, और निष्पक्ष रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि जब केंद्र में उनकी सरकार है, तब उन्होंने राज्य को जांच में सहयोग क्यों नहीं दिया? भाजपा नेता का बयान सिर्फ़ सुर्ख़ियाँ बटोरने और ईमानदार सरकार को बदनाम करने की कोशिश है।

विनोद पांडेय ने स्पष्ट कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे सख़्त रुख हेमंत सोरेन सरकार ने अपनाया है। सरकार हर शिकायत का संज्ञान लेती है, परंतु किसी भी जांच को मीडिया ट्रायल का हिस्सा नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा को सलाह है कि वह झूठे बयान देने के बजाय तथ्यों का सम्मान करे और संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा रखे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *