झारखंड में नेतरहाट विद्यालय की तर्ज पर खुलेंगे तीन नये स्कूल : हेमंत सोरेन

Dayanand Roy
5 Min Read

मुख्यमंत्री ने 975 पीजीटी शिक्षकों सहायक आचार्यों तथा लैब सहायकों को बांटा नियुक्ति पत्र

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि झारखंड में नेतरहाट विद्यालय की तर्ज पर तीन नये स्कूल खोले जायेंगे। इसके लिए स्थल चिन्हितिकरण का काम पूरा कर लिया गया है।

वे प्रोजेक्ट भवन के सभागार में नवनियुक्त पीजीटी शिक्षकों, सहायक आचार्य गणित एवं विज्ञान तथा लैब सहायकों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह तथा छात्र-छात्राओं के मेधा सम्मान कार्यक्रम में बोल रहे थे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 975 पीजीटी शिक्षकों सहायक आचार्यों तथा लैब सहायकों को नियुक्ति पत्र बांटा। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना और झारखंड ई शिक्षा महोत्सव 2025 का भी शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि नेतरहाट में अभी सिर्फ लड़के ही पढ़ते हैं पर जल्द ही यहां लड़कियां भी पढ़ाई करेंगी। हेमंत ने कहा कि जब मैं विपक्ष में था तो नेतरहाट विद्यालय गया था और वहां के प्रिंसिपल से मिला था।

उस समय स्कूल की हालत अच्छी। वहां हिन्दी मीडियम में पढ़ाई होती थी। मैंने तब प्रिंसिपल से इसे इंग्लिश मीडियम में तब्दील करने को कहा था और आज यह सीबीएसई से एफिलिएटेड इंग्लिश मीडियम स्कूल है।

शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड देश में अलग पहचान बनाये

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोगों की चाहत है कि झारखंड शिक्षा के क्षेत्र में अलग पहचान बनाये। झारखंड में शिक्षा की बेहतरी को लेकर कई कदम उठाए गए हैं और जो परिणाम आये हैं वो हमें शिक्षा के क्षेत्र में और काम करने के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि मैंने जब से झारखंड में सत्ता संभाली तब से शिक्षा की बेहतरी के लिए प्रयासरत हूं। राज्य के बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए आर्थिक सहायता और सम्मान राशि दी जा रही है। राज्य के स्कूलों को बेहतर बनाने के साथ सीएम उत्कृष्ट विद्यालय भी शुरू किया गया है।

आप एक कदम चलेंगे तो हम आपको दस कदम लेकर चलने का वादा करते हैं

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज झारखंड के विद्यार्थियों को विदेश में हायर एजुकेशन हासिल करने के लिए फॉरेन स्कॉलरशिप दी जा रही है। गरीब विद्यार्थी अच्छी शिक्षा हासिल कर सकें इसके लिए गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना संचालित है।

इसमें चार प्रतिशत की ब्याज दर पर पंद्रह लाख तक का लोन बिना किसी कोलेटरल के मिलता है। और नौकरी हासिल करने के बाद छात्र लोन चुका सकते हैं। हमने स्कूलों की छात्रवृति में भी इजाफा किया है। सरकार का मकसद राज्य को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का है। हम शिक्षा के क्षेत्र में अंधेरे से रौशनी की ओर तेजी से आगे बढ़ेंगे।

राज्य को आगे ले जाना सबकी जिम्मेवारी

हेमंत ने कहा कि झारखंड विकास के क्षेत्र में तेज गति से प्रगति करे इसके लिए सबको जिम्मेवारी लेनी होगी। आप चाहे किसी भी क्षेत्र से जुड़े हों अपने क्षेत्र में अहम योगदान कर राज्य को आगे ले जाने में अपनी जिम्मेवारी का निर्वहन कर सकते हैं। सामूहिक प्रयासों से ही झारखंड एक मजबूत और अग्रणी राज्य बनेगा।

हमारी सोच है कि इकलौते शिक्षक के नाम पर कोई विद्यालय न चले : राधाकृष्ण किशोर

कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि हमारी चाहत है कि राज्य में इकलौते शिक्षक के नाम पर कोई विद्यालय न चले। नई नियुक्ति से अब स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता होगी। हमारा मकसद है कि हम शिक्षा के क्षेत्र में राज्य को मजबूत करें। पहले पैसे के अभाव में गार्जियन अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं दे पाते थे और ड्रॉपआउट होता था पर जबसे राज्य सरकार ने मइया सम्मान योजना शुरू की है, राज्य के स्कूलों में ड्रॉप आउट रेट में कमी आयी है।

हर झारखंडी का सपना साकार होगा

कार्यक्रम में मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि विपक्ष चाहे कितना भी रास्ता रोके मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में हर झारखंडी का सपना साकार होगा।सरकार विषम परिस्थितियों में भी बेहतर काम कर रही है। राज्य में हर झारखंडी के चेहरे पर मुस्कान होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *