बिरसा वाटर पार्क में डूबने से छह वर्षीय बच्ची की मौत

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत गालूडीह स्थित बिरसा वाटर पार्क में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में 6 वर्षीय सृष्टि कुमारी की डूबने से मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ गर्मी की छुट्टियों में मस्ती करने पार्क पहुंची थी।

चतरा जिले के रहने वाले मिथुन कुमार अपनी पत्नी सीमा देवी और 3 बच्चों के साथ अपने मामा के घर जमशेदपुर के मानगो आए थे। छुट्टी मनाने वे गालूडीह वाटर पार्क पहुंचे, जहां उनके 2 रिश्तेदार राजा सिंह और गौरव सिंह भी साथ थे।

सभी लोग वेव पूल में मस्ती कर रहे थे। उसी दौरान छोटी बेटी सृष्टि गहरे पानी में चली गई और डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब तक परिवार और अन्य लोग कुछ समझ पाते और बच्ची को बाहर निकालते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना के बाद जब प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, तो जांच में पाया गया कि वाटर पार्क में रेस्क्यू के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। यही लापरवाही इस दर्दनाक हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। गौरतलब है कि इसी वाटर पार्क में साल 2022 में भी एक युवक की मौत हुई थी, जब वह स्लाइड से गिर पड़ा था। उस समय भी सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हुए थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *