बिहार में अब अपराधियों की खैर नहीं : सम्राट चौधरी

Dayanand Roy
4 Min Read

अपराधियों को बिहार से बाहर जाना ही होगा

महेश कुमार सिन्हा

पटना : उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि बिहार की सुरक्षा और कानून व्यवस्था में अब किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होने कहा कि यहां अब अपराधियों की खैर नहीं है। बिहार अपराध के लिए नहीं है।

अपराधियों को अब बिहार से बाहर ही जाना होगा। सम्राट चौधरी गृह विभाग का कार्य भार संभालने के बाद भाजपा कार्यालय में मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बगैर किसी विवाद के कोई घर से रात के दस-बारह बजे भी निकले तो वह सुरक्षित लौटेगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो सम्राट चौधरी एक घंटे के भीतर इस्तीफा दे देगा। हालांकि, किसी की व्यक्तिगत दुश्मनी हो तो उसकी बात मैं नहीं कह सकता।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व और नीतीश कुमार के निर्देशन ने मुझे बिहार में गृह मंत्री के तौर पर काम करने का मौका दिया। नीतीश जी ने बिहार में सुशासन स्थापित करने का काम किया है। आगे भी उन्हीं के मार्गदर्शन में सुशासन होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में उन्हें गृह विभाग की जिम्मेदारी दी है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में सुशासन स्थापित करना हमारी प्राथमिकता है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की व्यवस्था और मजबूत होगी और हम मिलकर राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिहार का सुशासन हमेशा अराजकता और जंगलराज को खत्म करता आया है, और इस परंपरा को आगे और सख्ती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने साफ कहा कि बिहार को अराजकता से मुक्त रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस विभाग को भी निर्देश दिए  गए हैं कि हर स्तर पर त्वरित कार्रवाई और सटीक निगरानी सुनिश्चित की जाए।

मालूम हो कि सम्राट चौधरी कई बार अपने कट्टर रुख के कारण राज्य की राजनीति में सुर्खियां बटोरते रहे हैं। अपने विभाग में काम में लापरवाही पर उनकी जीरो टॉलरेंस नीति पहले से ही जानी जाती है। ऐसे में गृह विभाग जैसा महत्वपूर्ण मंत्रालय मिलने के बाद उम्मीद की जा रही है कि पुलिस प्रशासन में भी नई ऊर्जा और जवाबदेही देखने को मिलेगी। राज्य में अपराध और सुशासन हमेशा ही राजनीतिक बहस के केंद्र में रहे हैं।

सम्राट चौधरी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान, त्वरित जांच और संगठित अपराध पर कड़े प्रहार देखने को मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य साफ है, बिहार को सुरक्षित, शांत और सुशासित बनाना। जो भी तत्व इस माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करेंगे, उन पर कारवाई तुरंत और सख्त की जाएगी।

अब आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि उनके नेतृत्व में बिहार की कानून-व्यवस्था में किस तरह के सुधार सामने आते हैं। बिहार की जनता की नजरें गृह मंत्री की हर कार्रवाई पर टिकी हैं, और राज्य में सुशासन को मजबूत करने की नई उम्मीदें जगी हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *