रांची पुलिस और केंद्रीय बलों ने राजधानी के संवेदनशील इलाकों में किया फ्लैग मार्च

Dayanand Roy
2 Min Read

दुर्गा पूजा को लेकर अलर्ट पर है रांची पुलिस

रांची : दुर्गा पूजा को लेकर रांची पुलिस अलर्ट है। शहर की सुरक्षा को चाक-चौबंद तो की ही जा रही है, वहीं दूसरी तरफ रविवार को राजधानी के सभी संवेदनशील स्थानों पर रांची पुलिस और केंद्रीय बलों ने एक साथ फ्लैग मार्च किया।

फ्लैग मार्च रांची के अल्बर्ट एक्का चौक से शुरू होकर फ्लैग मार्च मेन रोड होते हुए कर्बला चौक तक पहुंचा। कर्बला चौक के बाद रांची के चर्च रोड, काली मंदिर रोड होते हुए हर उस स्थान से पुलिस का काफिला गुजरा जहां कभी ना कभी सांप्रदायिक ताकतें मजबूत होने की कोशिश कर चुकी हैं।

फ्लैग मार्च के दौरान ही वैसे तमाम संवेदनशील जगह जहां पूर्व में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई थी वहां सीनियर अधिकारियों ने खुद रुक कर इलाके के थानेदारों को जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान रांची पुलिस के अधिकारियों ने सुरक्षा के लिए किए गए बंदोबस्त का जायजा भी लिया।

रांची पुलिस के अनुसार फ्लैग मार्च के जरिए आम लोगों के बीच का दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कोई भी असामाजिक तत्व अगर शहर की शांति और सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

फ्लैग मार्च से पूर्व रांची के सिटी एसपी, एसडीओ और सिटी डीएसपी की ओर से सुरक्षा में तैनात जवानों को ब्रीफ भी किया गया। रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और आमलोगों के मन में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करने के लिए पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया था।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *