तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रहे कोटा श्रीनिवास राव का निधन

Dayanand Roy
2 Min Read

हैदराबाद :  तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता एवं पूर्व विधायक कोटा श्रीनिवास राव का रविवार को निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार थे। कोटा श्रीनिवास राव ने अपने शानदार करियर के दौरान विभिन्न भाषाओं में 750 से अधिक फिल्मों में काम किया।

उन्होंने 1978 में ‘प्रणाम खरीदु’ से अपनी फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कोटा श्रीनिवास राव के निधन पर शोक व्यक्त किया। वहीं, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री  एन चंद्रबाबू नायडू ने अभिनेता कोटा श्रीनिवास के निधन पर अपने एक्स अकाउंट पर एक ट्वीट किया है।

उन्होंने लिखा, ‘अपनी बहुमुखी भूमिकाओं से सिनेमा दर्शकों का दिल जीतने वाले प्रसिद्ध अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का निधन अत्यंत दुखद है। लगभग चार दशकों में सिनेमा और रंगमंच के क्षेत्र में उनका कलात्मक योगदान और उनके द्वारा निभाई गई भूमिकाएं अविस्मरणीय रहेंगी। खलनायक और चरित्र कलाकार के रूप में उनके द्वारा निभाई गई अनगिनत यादगार भूमिकाएं तेलुगु दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए अंकित रहेंगी।

उनका निधन तेलुगु फिल्म उद्योग के लिए एक अपूरणीय क्षति है। 1999 में, उन्होंने विजयवाड़ा से विधायक के रूप में जीत हासिल की और जनता की सेवा की। मैं उनके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’

गौरतलब है कि दिवंगत अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव की बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें वे बेहद कमजोर नजर आ रहे थे। उनकी यह हालत देखकर उनके फैंस काफी चिंतित हो गए थे। इस तस्वीर में दिवंगत अभिनेता के एक पैर में पट्टी बंधी थी और दूसरे पैर में भी चोट के निशान थे। इसने उनकी बीमार हालत की ओर संकेत दिए थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *