Nishikant Dubey : पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को लेकर चल रही अटकलों के बीच गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की नगरी में कही गई बातें अक्सर सच साबित होती हैं और आने वाले एक-दो दिनों में राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर और स्पष्ट तस्वीर सामने आ जाएगी।
देवघर में मीडिया से बातचीत के दौरान निशिकांत दुबे ने टीएमसी के भीतर कथित असंतोष और नेताओं की नाराजगी को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद टीएमसी के कमजोर होने की जो बात उन्होंने कही थी, उसके संकेत अब दिखाई देने लगे हैं।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर मतभेद बढ़ रहे हैं। कई सांसदों और विधायकों के अलग रुख अपनाने की खबरों ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। हालांकि इन दावों को लेकर टीएमसी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
इधर, टीएमसी और कांग्रेस के संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, हाल के घटनाक्रमों ने पश्चिम बंगालकी राजनीति को नई दिशा देने की संभावनाओं को जन्म दिया है। हालांकि पार्टी विलय या किसी बड़े संगठनात्मक फैसले को लेकर अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
निशिकांत दुबे के बयान के बाद राजनीतिक बहस और तेज हो गई है। आने वाले दिनों में टीएमसी के भीतर चल रहे घटनाक्रम और संभावित रणनीतिक फैसलों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
