Rajya Sabha Election: झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ दलित नेता बैजनाथ राम को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है।
रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में झामुमो के केंद्रीय महासचिव और मुख्य प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि उम्मीदवार चयन का अधिकार पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री Hemant Soren को सौंपा गया था। वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श और राजनीतिक परिस्थितियों के आकलन के बाद बैजनाथ राम के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने दावा किया कि झामुमो के सभी 34 विधायक पूरी एकजुटता के साथ पार्टी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा में पार्टी के पास पर्याप्त संख्या बल है और राज्यसभा चुनाव में बैजनाथ राम की जीत को लेकर पार्टी पूरी तरह आश्वस्त है।
उन्होंने यह भी बताया कि बैजनाथ राम 8 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस दौरान महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेताओं के भी उपस्थित रहने की संभावना है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, बैजनाथ राम को उम्मीदवार बनाकर झामुमो ने दलित समाज को मजबूत संदेश देने की कोशिश की है। लातेहार समेत राज्य के कई इलाकों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। पार्टी का मानना है कि उन्हें राज्यसभा भेजने से अनुसूचित जाति समाज का प्रतिनिधित्व और अधिक सशक्त होगा, साथ ही आगामी राजनीतिक समीकरणों में भी इसका सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर झामुमो के इस फैसले को पार्टी की सामाजिक संतुलन और प्रतिनिधित्व की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
