हुसैनाबाद क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नगर पंचायत हुसैनाबाद के वार्ड पार्षदों ने पलामू सांसद बीडी राम को ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने विभिन्न रेल सेवाओं के विस्तार और नई ट्रेनों के परिचालन की मांग करते हुए सांसद से इन मुद्दों को रेल मंत्रालय के समक्ष उठाने का आग्रह किया।
सांसद को सौंपे गए ज्ञापन में ट्रेन संख्या 63557/63558 बरकाकाना-वाराणसी पैसेंजर ट्रेन का विस्तार रांची तक किए जाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा ट्रेन संख्या 18611/18612 रांची-वाराणसी एक्सप्रेस में चार अतिरिक्त जनरल कोच और दो स्लीपर कोच जोड़ने का अनुरोध किया गया है।
पार्षदों ने रांची-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस में भी चार अतिरिक्त जनरल कोच बढ़ाने की मांग की है, ताकि यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिल सके। साथ ही आरा से रांची तक नई ट्रेन सेवा शुरू करने और नवाडीह से मेदिनीनगर तक स्थानीय ट्रेन चलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि इन मांगों के पूरा होने से पलामू और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। इससे रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी तथा क्षेत्रीय संपर्क भी मजबूत होगा।
वार्ड पार्षदों ने सांसद बीडी राम से जनहित को ध्यान में रखते हुए इन मांगों को रेल मंत्री और रेलवे मंत्रालय के समक्ष प्राथमिकता के साथ उठाने का आग्रह किया। उनका कहना है कि रेल सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में वार्ड पार्षद बबीता देवी, आशा देवी, राजेंद्र पाल, राजकुमार, आनंद कुमार, शंभू कुमार, अनीता शाह, पिचरिया देवी, उमा देवी, सरवरी बीबी, फिरोजा शाहीन, नेपुरी देवी सहित नगर पंचायत हुसैनाबाद के कई जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
