नशे के कारोबारियों पर सख्त होगा शिकंजा, सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम: इरफान अंसारी

झारखंड में नशा तस्करों की सूचना देने वालों को कम से कम तीन हजार रुपये का इनाम मिलेगा। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

Dayanand Roy
3 Min Read

Jharkhand Anti Drug Campaign : झारखंड सरकार ने साफ कर दिया है कि युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने वालों के खिलाफ अब और सख्ती से कार्रवाई होगी। रांची के शौर्य भवन में आयोजित राज्यव्यापी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के समापन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि नशा मुक्त झारखंड सिर्फ सरकार का सपना नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि नशे की वजह से कई परिवार टूट रहे हैं और युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। ऐसे में सरकार सिर्फ नशे पर रोक लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को नई जिंदगी देने की दिशा में भी लगातार काम कर रही है।

स्वास्थ्य मंत्री ने रांची पुलिस को निर्देश दिया कि फ्लाईओवरों और सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों व युवाओं द्वारा नशीले पदार्थों के सेवन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें सही दिशा देने की अपील की।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने बताया कि सीआईपी और रिनपास जैसे संस्थानों में नशा मुक्ति के लिए विशेष इलाज और परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध हैं। राज्य के सभी जिलों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने बताया कि नशा तस्करों की सूचना देने वालों को सरकार प्रोत्साहन राशि देगी। किसी भी तस्कर या नशे के कारोबार की जानकारी टोल फ्री नंबर 112 पर देने पर कम से कम तीन हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। गंभीर मामलों में यह राशि और बढ़ाई जा सकती है।

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल कुमार पुरवार ने बताया कि स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए विशेष शैक्षणिक सामग्री भी तैयार की जा रही है।

समारोह में नशा मुक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले कई स्वयंसेवी संगठनों, सरकारी संस्थानों और अधिकारियों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि नशा मुक्त झारखंड का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब आम लोग भी इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *