Santhal Pargana : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार इन दिनों दो दिवसीय संथाल परगना दौरे पर हैं। मंगलवार को उन्होंने देवघर के मधुपुर और दुमका के जरमुंडी प्रखंड में चल रहे बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्था देखी और बीएलओ से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सवाल भी सुने।
के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पांच श्रेणियों गैरहाजिर, दूसरे स्थान पर चले गए, मृत, डुप्लीकेट और गैर-भारतीय लोगों के नाम ही सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं का नाम पहले की मतदाता सूची से जुड़ा हुआ है या नहीं जुड़ा है, अगर वे इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा कर देंगे तो उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल रहेगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 30 जून से बीएलओ घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म बांटेंगे। इस दौरान मतदाताओं की जानकारी का मिलान करना जरूरी होगा ताकि लोगों को बाद में अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की जरूरत न पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि इस चरण में मतदाताओं से किसी तरह का दस्तावेज नहीं लिया जाना है और बीएलओ इस बात का विशेष ध्यान रखें।
निरीक्षण के दौरान देवघर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, मधुपुर के अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल समेत कई अधिकारी और बड़ी संख्या में बीएलओ व बीएलओ सुपरवाइजर मौजूद थे।
