बेरमो: कोयला चोरी और अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के अभियान के तहत सीआईएसएफ और सीसीएल ने सोमवार को बड़ी संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान कुरपनिया बस्ती के पास अवैध रूप से जमा 50.8 टन कोयला जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ करगली इकाई के कमांडेंट को सूचना मिली थी कि कुरपनिया बस्ती के समीप बड़ी मात्रा में अवैध कोयला जमा किया गया है। सूचना मिलने के बाद इसकी जानकारी तत्काल सीसीएल के महाप्रबंधक संजय कुमार झा को दी गई।
इसके बाद सीआईएसएफ और सीसीएल की संयुक्त टीम का गठन कर संबंधित स्थान पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मौके से 50.8 टन अवैध कोयला बरामद किया गया।
जब्त किए गए कोयले को खासमहल कांटा पर तौल कराया गया। इसके बाद पूरी प्रक्रिया पूरी कर कोयले को सीसीएल प्रबंधन के सुपुर्द कर दिया गया।
सीआईएसएफ और सीसीएल की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कोयला चोरी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की संयुक्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध कोयला कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
