चतरा में 4 लाख की ब्राउन शुगर बरामद, NTPC गेट के पास से दो तस्कर गिरफ्तार

चतरा के टंडवा में NTPC गेट के पास पुलिस ने 19.72 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और चार मोबाइल बरामद कर दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया।

Dayanand Roy
2 Min Read

Chatra News: चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। NTPC गेट नंबर-2 के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 19.72 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि NTPC गेट नंबर-2 से कामता जाने वाली सड़क पर नशीले पदार्थों का कारोबार हो रहा है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर एएसपी प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी की और दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 19.72 ग्राम ब्राउन शुगर, एक इलेक्ट्रॉनिक वजनी मशीन और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हजारीबाग के केरेदारी निवासी राजेश कुमार और चतरा के टंडवा निवासी विकास कुमार महतो के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े हैं और ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से हो रही थी।

पुलिस ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *