Ranchi Water Supply : राजधानी रांची को गेतलसूद डैम से पानी पहुंचाने वाली मुख्य पाइपलाइन इन दिनों खुद बदहाल हालत में है। दीपा टोली के पास पाइपलाइन में लगातार लीकेज होने से हर दिन बड़ी मात्रा में पानी बहकर बर्बाद हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गेतलसूद डैम से हर दिन करीब 33 करोड़ लीटर पानी रांची शहर को सप्लाई किया जाता है। इसी पाइपलाइन के जरिए 60 हजार से अधिक घरों तक पेयजल पहुंचता है। शहर की बड़ी आबादी इसी जलापूर्ति व्यवस्था पर निर्भर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन से लगातार पानी रिसने की वजह से कई इलाकों में पानी का दबाव कम हो जाता है। इससे नियमित जलापूर्ति भी प्रभावित हो रही है। एक तरफ लोग पानी के लिए इंतजार करते हैं, वहीं दूसरी तरफ बड़ी मात्रा में पानी नालों में बहकर बर्बाद हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह पाइपलाइन करीब 50 साल पुरानी है। लंबे समय से इस्तेमाल होने के कारण कई जगह इसकी स्थिति कमजोर हो चुकी है। ऐसे में विशेषज्ञ भी समय रहते इसकी तकनीकी जांच और जरूरत पड़ने पर नई पाइपलाइन बिछाने की सलाह दे रहे हैं।
सबसे हैरानी की बात यह है कि लीकेज रोकने के लिए संबंधित विभाग ने पाइपलाइन पर प्लास्टिक की पन्नी बांधकर अस्थायी मरम्मत की कोशिश की है। इसके बावजूद पानी का रिसाव जारी है और बहता हुआ पानी खेलगांव की ओर जाने वाले नाले में गिर रहा है।
स्थानीय लोगों ने जलापूर्ति विभाग से जल्द स्थायी मरम्मत कराने और पुरानी पाइपलाइन को बदलने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में राजधानी की जलापूर्ति पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है।
