Dhanbad News : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत धनबाद जिले में मतदाता सूची के अद्यतन का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि अब तक जिले के करीब 75 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन और मैपिंग कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष मतदाताओं से भी जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।
प्रेस वार्ता में उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिले के कुल 21,15,997 मतदाताओं में से 15,81,364 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 74.73 प्रतिशत है। विधानसभा क्षेत्रों में टुंडी सबसे आगे है, जहां 85.79 प्रतिशत सत्यापन पूरा हो चुका है। इसके अलावा निरसा में 85.04 प्रतिशत, सिंदरी में 83.34 प्रतिशत, बाघमारा में 80.46 प्रतिशत, झरिया में 63.64 प्रतिशत और धनबाद विधानसभा क्षेत्र में 56.67 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि अभी 5.34 लाख से अधिक मतदाताओं की मैपिंग शेष है। वहीं लगभग 3.73 लाख रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां पाई गई हैं, जिनकी अलग से जांच की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गणना प्रपत्र जमा करने वाले मतदाताओं का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। हालांकि, जिन मतदाताओं के रिकॉर्ड में मृत्यु, स्थानांतरण, डुप्लीकेट या अन्य विसंगतियां दर्ज हैं, उनके मामलों में जांच के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। किसी भी मतदाता का नाम सुनवाई का अवसर दिए बिना सूची से नहीं हटाया जाएगा।
नए मतदाताओं को फॉर्म-6 के साथ आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। जन्म तिथि और आयु के अनुसार स्वयं अथवा माता-पिता के दस्तावेज अनिवार्य होंगे। विदेश में जन्मे भारतीय नागरिकों के लिए भी अलग प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी, जबकि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा और आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी। इसके बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ का सहयोग करें और समय रहते अपना सत्यापन कराकर मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखें। साथ ही मतदाता ceo.jharkhand.gov.in और voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी अपनी जानकारी सत्यापित कर सकते हैं।
