रिम्स निदेशक के अचानक इस्तीफे पर भाजपा का हमला; स्वास्थ्य मंत्री पर अवैध वसूली के आरोप

रिम्स निदेशक के इस्तीफे के बाद भाजपा ने स्वास्थ्य मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी ने विभाग में कथित अवैध वसूली, प्रताड़ना और स्वतंत्र जांच की मांग उठाई।

Dayanand Roy
2 Min Read

RIMS Ranchi : रिम्स (RIMS) के निदेशक डॉ. राजकुमार द्वारा अपने कार्यकाल पूरा होने से लगभग छह माह पहले अचानक इस्तीफा देने के बाद सियासत गरमा गई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि मंत्री ने विभाग में चल रही कथित अवैध वसूली के खिलाफ आने वाले अधिकारियों को लगातार प्रताड़ित कर उन्हें पद छोड़ने पर मजबूर किया है। उनका सीधा इशारा रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार की ओर था।

रमाकांत महतो ने कहा कि डॉ. राजकुमार ने रिम्स में कई सुधारात्मक कदम उठाए और अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारा, लेकिन इन कोशिशों के कारण वे विभाग में चल रहे अवैध धन उगाही के लिए रोड़ा बन गए। महतो ने आरोप लगाया कि मंत्री के इशारे पर कुछ अधिकारियों ने डॉ. राजकुमार के खिलाफ लगातार प्रशासनिक परेशानियाँ खड़ी कीं; यहां तक कि उन्हें पद से हटाने के आदेश भी जारी किए गए, जिन्हें बाद में उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप से रद्द होना पड़ा।

भाजपा ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग में मनमानी नियुक्तियों के जरिये वसूली की साख बन रही है, जबकि ईमानदार और खासकर दलित अधिकारियों के साथ भेदभाव और प्रताड़ना की घटनाएँ बढ़ी हैं। रमाकांत महतो ने स्वास्थ्य व्यवस्था की वर्तमान खराब स्तिथि (अस्पतालों में संसाधन की कमी, अव्यवस्था और प्रशासनिक असंगति) का ठीकरा स्वास्थ्य मंत्री पर फोड़ा और कहा कि ऐसे हालात के लिए मंत्री नैतिक रूप से जिम्मेदार हैं।

महतो ने मामले की निष्पक्ष न्यायिक या स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए कहा कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक स्वास्थ्य मंत्री को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। इस बीच प्रशासन की ओर से अभी तक किसी तरह की आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *