गोड्डा में मुखिया पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे; विरोध में बंद रहा पोड़ैयाहाट बाजार

गोड्डा के पोड़ैयाहाट में मुखिया अनुपम भगत पर दिनदहाड़े फायरिंग हुई। हमले में वे बाल-बाल बचे, जबकि घटना के विरोध में बाजार बंद कर लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।

Dayanand Roy
3 Min Read

Mukhiya Attack : झारखंड के गोड्डा जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम भगत उर्फ लड्डू पर गुरुवार को दिनदहाड़े फायरिंग कर जानलेवा हमला किया गया। घटना पोड़ैयाहाट मुख्य बाजार स्थित पंडित टोला कांबली बगीचा के समीप हुई, जहां बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चलाई। हालांकि किस्मत अच्छी रही और मुखिया इस हमले में बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनुपम भगत एसबीआई शाखा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चार अपराधी, जो दो मोटरसाइकिलों पर सवार थे, उनके करीब पहुंचे और फायरिंग कर दी। हमलावरों ने काफी नजदीक से निशाना साधा, लेकिन दोनों गोलियां उन्हें छूते हुए निकल गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पूरे पोड़ैयाहाट बाजार में दहशत का माहौल बन गया। अचानक चली गोलियों की आवाज सुनकर लोग दुकानों और सड़कों से भागने लगे। कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

जनप्रतिनिधि पर हुए हमले से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक पोड़ैयाहाट थाना पहुंचे तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। लोगों ने थाना परिसर का घेराव किया और विरोध स्वरूप पूरे पोड़ैयाहाट बाजार को बंद करा दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

मुखिया अनुपम भगत ने हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पूर्व हुए व्यवसायी शैलेंद्र भगत हत्याकांड में वह गवाह थे, जिसके बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी मामले से जुड़े लोगों द्वारा उन्हें निशाना बनाया जा सकता है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *