बरसात में पेट्स की देखभाल कैसे करें? जानिए संक्रमण और बीमारियों से बचाने के जरूरी उपाय

Dayanand Roy
2 Min Read
मानसून पेट केयर

बरसात का मौसम जहां लोगों को गर्मी से राहत देता है, वहीं यह नमी, गंदगी और कई तरह की बीमारियों का खतरा भी साथ लाता है। इसका असर पालतू जानवरों पर भी पड़ता है। इस मौसम में पेट्स को संक्रमण, त्वचा संबंधी समस्याओं और परजीवियों से बचाने के लिए उनकी देखभाल पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

पैरों और फर की नियमित सफाई करें

बारिश में बाहर घूमने के दौरान पेट्स के पैरों में कीचड़ और गंदगी जमा हो सकती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए उनके पैरों को गुनगुने पानी और माइल्ड पेट शैंपू से साफ करें। साथ ही, नमी के कारण फर और त्वचा में फंगल या बैक्टीरियल संक्रमण हो सकता है। नियमित ब्रशिंग और फर को अच्छी तरह सुखाना बेहद जरूरी है।

मच्छरों और टिक्स से बचाव करें

बरसात के मौसम में मच्छरों और टिक्स का प्रकोप तेजी से बढ़ जाता है। ये कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। इसलिए पेट्स के रहने की जगह को साफ रखें और जरूरत पड़ने पर मच्छरदानी या सुरक्षित रिपेलेंट का उपयोग करें। डॉक्टर की सलाह से एंटी-पैरासाइट ट्रीटमेंट भी करवाना फायदेमंद रहता है।

लेप्टोस्पायरोसिस से बचाव है जरूरी

लेप्टोस्पायरोसिस एक बैक्टीरियल संक्रमण है, जो संक्रमित पानी या मिट्टी के संपर्क में आने से फैल सकता है। बरसात में इसका खतरा अधिक रहता है। इसलिए समय पर टीकाकरण करवाना और पेट्स को गंदे पानी से दूर रखना बेहद जरूरी है।

पौष्टिक आहार और साफ पानी दें

बरसात में पेट्स को गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याएं जैसे उल्टी, दस्त और भूख कम लगने की शिकायत हो सकती है। इससे बचने के लिए उन्हें हमेशा ताजा और साफ पानी दें। साथ ही संतुलित और पौष्टिक आहार उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। नियमित देखभाल और सावधानी से आपका पालतू जानवर पूरे मानसून में स्वस्थ और सुरक्षित रह सकता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *