Jamtara News: जामताड़ा जिले में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व धार्मिक आस्था, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। जिलेभर के ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अकीदत के साथ नमाज अदा कर देश-दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
जामताड़ा शहर के न्यू टाउन ईदगाह सहित पाकडीह, सरखेलडीह, मियांडीह, बुधुडीह, नाड़ाडीह, बेवा, चिरूनबांध और अन्य इलाकों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ देखने को मिली। पर्व को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह नजर आया। घरों में सेवइयां, मिठाइयां और पारंपरिक व्यंजन तैयार किए गए तथा लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं।
नमाज के दौरान धर्मगुरुओं ने बकरीद को त्याग, समर्पण और इंसानियत का पर्व बताते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कुर्बानी का उद्देश्य दिखावा नहीं, बल्कि त्याग और आत्मशुद्धि की भावना को मजबूत करना है।
वहीं पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। प्रमुख ईदगाहों और संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। एसपी शंभू कुमार सिंह ने विभिन्न इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की शुभकामनाएं दीं।
