झारखंड में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच JMM के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे ने दावा किया है कि राज्यसभा की दोनों सीटें महागठबंधन के खाते में ही जाएंगी।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है, इसलिए चुनाव परिणाम पर कोई संदेह नहीं है। महागठबंधन के घटक दल आपसी बैठक के जरिए उम्मीदवारों का चयन करेंगे, जिसमें यह तय किया जाएगा कि सीटें JMM, कांग्रेस या राजद में किसे मिलेंगी।
विनोद पांडे ने यह भी कहा कि JMM राज्य की सबसे बड़ी पार्टी है, ऐसे में चुनाव में उसकी भूमिका और जिम्मेदारी अधिक होगी।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 25 मई से 11 जून तक विभागवार समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इन बैठकों से राज्य की विकास योजनाओं को नई गति मिलेगी और आगामी वित्तीय वर्ष के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार किया जाएगा।
