
273 करोड़ की लागत की 74 योजनाओं का उद्घाटन तथा 84 करोड़ की 43 योजनाओं का कार्यारंभ भी किया

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को बिहार की समग्र समृद्धि को गति प्रदान करने तथा राज्य को विकसित राज्यों की अग्रणी श्रेणी में स्थापित करने के लक्ष्य के साथ चल रही ‘समृद्धि यात्रा’ के अंतर्गत समस्तीपुर जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया तथा उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने 470 करोड़ रु॰ की लागत की 71 योजनाओं का शिलान्यास, 273 करोड़ रु॰ की लागत की 74 योजनाओं का उद्घाटन तथा 84 करोड़ रु॰ की लागत की 43 योजनाओं का कार्यारंभ किया।
यात्रा के क्रम में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, समस्तीपुर के परिसर में एमेनिटी भवन का उद्घाटन किया एवं राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, समस्तीपुर में संचालित भाषा प्रयोगशाला (Language Lab) का निरीक्षण भी किया।
यहां सीएम नीतीश ने कहा कि यहां की भाषा प्रयोगशाला में विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय भाषाएं बच्चों को सिखाई जा रही हैं, यह जानकर मुझे प्रसन्नता हुई। वहां उपस्थित छात्र-छात्राओं ने उनसे फ्रेंच और अंग्रेजी भाषा में संवाद किया।
इसके साथ ही उन्होंने हकीमाबाद प्रखंड में बूढ़ी गंडक नदी पर निर्माणाधीन आर॰सी॰सी॰ पुल-सह-बाईपास सड़क का निरीक्षण किया और तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर ढंग से हो तथा कार्य उच्च मानकों के अनुसार पूर्ण हों। साथ ही वहां आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में भाग लिया और लोगों को संबोधित किया।



