Home » आलोक राज का बीएसएससी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा

आलोक राज का बीएसएससी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा

by Dayanand Roy

महेश कुमार सिन्हा

पटना : बिहार के पूर्व डीजीपी आलोक राज ने बिहार कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। आलोक राज ने इसी साल एक जनवरी  को अध्यक्ष पद की कमान संभाली थी।

आलोक राज ने अपने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए मंगलवार को कहा कि उन्होंने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा सामान्य प्रशासन विभाग को सौंप दिया है।

बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, उन्हें 5 वर्षों के लिए या 65 वर्ष की आयु तक के लिए इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया था। नियुक्ति के महज कुछ ही दिनों के भीतर उनके इस फैसले ने सबको चौंका दिया है।

आलोक राज 1989 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रहे हैं और महानिदेशक के पद से सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें सरकार ने बीएसएससी की जिम्मेदारी सौंपी थी। बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन और चयन प्रक्रिया में सुधार के लिए उनकी नियुक्ति को अहम माना जा रहा था। हालांकि, इतने कम समय में उनके पद छोड़ने के बाद अब प्रशासनिक और राजनीतिक हल्कों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बीएसएससी अध्यक्ष का पद खाली होने से आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली आगामी परीक्षाओं और लंबित परिणामों पर असर पड़ने की संभावना है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार आलोक राज का इस्तीफा स्वीकार कर किसे इस चुनौतीपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपती है।

बता दें, बिहार के डीजीपी रहे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक राज को बीते 31 दिसंबर के दिन ही नीतीश सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी। ऐसे में आलोक राज के  अचानक इस्तीफे  के बाद तरह तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

बता दें कि आलोक राज बिहार पुलिस के वरिष्ठ और भरोसेमंद आईपीएस अधिकारियों में गिने जाते रहे हैं। सेवानिवृत्ति से पहले वे बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को गति दी थी।

Related Articles

Leave a Comment