झारखंड के लाल को सम्मान, आइटीबीपी कमांडेंट विवेक कुमार पांडेय को मिली सर्वश्रेष्ठ एंटी नक्सल अभियान ट्रॉफी

Dayanand Roy
3 Min Read

 

 

रांची : गढ़वा जिला के निवासी और भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के कमांडेंट विवेक कुमार पांडेय को छत्तीसगढ़ में असाधारण ऑपरेशनल सफलता और क्षेत्र में व्यापक सामुदायिक सेवा के लिए प्रतिष्ठित सर्वश्रेष्ठ नक्सल विरोधी बटालियन ट्रॉफी से सम्मानित किया गया है।

विवेक पांडेय छत्तीसगढ़ के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शुमार मानपुर के 27वीं बटालियन में तैनात हैं। उनको यह सम्मान आइटीबीपी के डीजी प्रवीण कुमार ने वार्षिक बल स्थापना दिवस महानिदेशक परेड के दौरान जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में प्रदान किया। महानिदेशक ने यूनिट के उत्कृष्ट अभियान कौशल और प्रदर्शन की सराहना की है।

गढ़वा जिला के मझिआंव थाना क्षेत्र के ऊंचरी ग्राम निवासी कमांडेंट विवेक कुमार पांडेय, स्वर्गीय रामनाथ पांडेय के बेटे हैं। पत्रकारिता और इतिहास में पोस्ट ग्रेजुएट हैं. साल 2003 से आइटीबीपी में सेवारत हैं। इस दौरान वह जम्मू कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, असम, उत्तराखंड, नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ एवं केरल में तैनात रहे हैं।

प्रारंभिक शिक्षा सुदूर ग्रामीण इलाकों के सरकारी स्कूलों और उच्च शिक्षा रांची कॉलेज और इतिहास विभाग, रांची विश्वविद्यालय से पूर्ण हुई है। पहले एसएससी और फिर यूपीएससी प्रतियोगी परीक्षा पास कर अधिकारी बने। फोर्स के एक वरिष्ठ अधिकारी के रूप में उनकी यह उपलब्धि न केवल आइटीबीपी के लिए बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। कमांडेंट विवेक को साल 2007 में असम में उल्फा के विरुद्ध बहादुरी अभियानों के लिए सेनाध्यक्ष के प्रशंसा डिस्क से भी सम्मानित किया जा चुका है।

मोहला-मानपुर के चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में 2023 में कमांडेंट के रूप में तैनाती के बाद, कमांडेंट विवेक कुमार पांडेय ने गढ़चिरौली (महाराष्ट्र) और कांकेर (छत्तीसगढ़) की सीमाओं के निकट कई बड़े रणनीतिक अभियान चलाए गए। उनकी बटालियन ने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ छत्तीसगढ़ में एक प्रभावशाली ट्रैक रिकॉर्ड स्थापित किया है, जिसे केंद्र सरकार के मार्च 2026 तक नक्सल आतंक को समाप्त करने के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अगस्त 2025 में बड़ी सफलता- बटालियन ने एक महत्वपूर्ण मुठभेड़ में दो वरिष्ठ नक्सल कमांडरों को मार गिराया। इनमें राज्य जोनल समिति सदस्य विजय रेड्डी और राजनांदगांव कांकेर बॉर्डर (RKB) डिवीजन सचिव लोकेश सलामे शामिल था।

शीर्ष कमांडरों का आत्मसमर्पण/गिरफ्तारी- दो बड़े कमांडरों के मारे जाने के अलावा, बटालियन ने कुल नौ अन्य शीर्ष नक्सली नेताओं (चार DVCM और पांच ACM) को गिरफ्तार करने या आत्मसमर्पण करवाने में सफलता हासिल की. दर्जनों नक्सली समर्थकों को गिरफ्तार करवाया।

लॉजिस्टिक्स सप्लाई चेन ध्वस्त- छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ कमांडेंट विवेक कुमार की आईटीबीपी बटालियन द्वारा मिलकर की गई आक्रामक कार्रवाइयों ने नक्सलियों की लॉजिस्टिक आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त किया है। यह वही क्षेत्र है जहां जुलाई 2009 में कोरकुट्टी मुठभेड़ में तत्कालीन राजनंदगांव के एसपी वीके चौबे और 28 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *