जनहित से जुड़े कार्यों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं : मंजूनाथ भजंत्री

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची : डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने गुरुवार को कहा है कि जनहित से जुड़े कार्यों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। निर्धारित समय-सीमा के अंदर सभी लक्ष्यों को प्राप्त करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

पदाधिकारी आम जनता से किसी प्रकार का दुर्व्यवहार न करें। कार्य के दौरान संवेदनशीलता ना भूलें और कार्य में पारदर्शिता रखें। वे समाहरणालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।

स्थापना दिवस के सफल आयोजन को लेकर उन्होंने प्रसन्नता जताते हुए सभी संबंधित पदाधिकारी की सराहना की और कहा कि समन्वय के साथ-साथ सभी एक दिशा में सोचें और इसी तरह से कार्य करें।

 कई निर्देश दिए गए

डीसी ने 21 नवंबर से शुरू होने वाले आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को लेकर भी सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया। सभी कार्यालय प्रधानों को निर्देशित करते हुए श्री भजंत्री ने कहा कि सभी अधीनस्थ ससमय कार्यालय आएं यह सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी बेसिक डिसिप्लिन (अनुशासन) में रहे आई कार्ड पहने और नियमित रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करें।

साथ ही समाहरणालय परिसर की साफ सफाई व्यवस्था, जन शिकायत कोषांग में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए भी उपायुक्त ने संबंधित नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी सौरभ कुमार भुवनिया, सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था राजेश्वर नाथ आलोक, निदेशक डीआरडीए,  सुदर्शन मुर्मू, परियोजना निदेशक संजय कुमार भगत, कार्यपालक अभियंता, जिला नजारत उप समाहर्ता राँची, डॉ. सुदेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी संजय कुमार साहू, भूमि सुधार उप समाहर्ता मुकेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला योजना पदाधिकारी संजीव कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, उर्वशी पांडेय तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *