बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में हो गया सीटों का बंटवारा

Dayanand Roy
4 Min Read

भाजपा और जदयू101-101 सीटों पर लड़ेगी,लोजपा(रा)को 29, हम तथा रालोमो को 6-6 सीटें दी गई

महेश कुमार सिन्हा

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में सीटों की साझेदारी को लेकर एनडीए के घटक दलों के बीच काफी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद आखिरकार रविवार को सहमति बन गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एनडीए के घटक दलों के शीर्ष नेताओं की बैठक में सीट शेयरिंग पर   सहमति बनी है।

नये फाॅर्मूले के अनुसार चिराग पासवान की पार्टी लोजपा(रा) 29, जीतन राम मांझी की हम 06 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोमो 06 सीटों पर लड़ेगी। इसकी जानकारी भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर  दी है।

सूत्रों के अनुसार एनडीए के दो प्रमुख घटक भाजपा और जदयू में सीटों के बंटवारे को लेकर पहले ही समझौता हो चुका था कि दोनों बराबर-बराबर सीटों पर लड़ेगी।  जदयू ने अन्य  सहयोगी दलों से बात करने का जिम्मा भाजपा को दिया था।

भाजपा की ओर से पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय मंत्री नित्यानंद राय,बिहार प्रभारी बिनोद तावड़े और चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने लोजपा(रा),हम तथा रालोमो नेताओं से पूर्व में सीटों को लेकर बातचीत की थी। लेकिन इस पर अंतिम निर्णय अमित शाह  के साथ रविवार को दिल्ली में हुई बैठक के बाद लिया गया।

विनोद तावड़े ने एक्स पर लिखा है कि संगठित व समर्पित एनडीए आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए परिवार के सभी सदस्यों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में आपसी सहमति से सीटों का वितरण पूर्ण किया, जो कि इस प्रकार है। भाजपा-101 सीट, जदयू 101 सीट, लोजपा (रामविलास)- 29 सीट, रालोमो- 06 सीट और हम को 06 सीट दी गई है।

इसके बाद एनडीए के सभी दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का हर्षपूर्वक स्वागत किया है। सभी साथी कमर कस चुके हैं और बिहार में फिर से एनडीए सरकार बनाने के लिए संकल्पित हैं। यह फॉर्मूला न केवल गठबंधन की एकजुटता दर्शाता है, बल्कि 2020 के चुनावों से अलग रणनीति का संकेत भी देता है। पहले अटकलों का दौर चल रहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जदयू को ‘बड़ा भाई’ का दर्जा मिलेगा और उसे भाजपा से एक-दो सीटें अधिक मिलेंगी। कहा जा रहा था क‍ि जदयू को 102-103 सीटें मिल सकती हैं।

लेकिन अब साफ हो गया है कि भाजपा ने जदयू के साथ बराबरी का फॉर्मूला अपनाया है। यह फैसला एनडीए की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जहां दोनों बड़े दलों को समान महत्व दिया गया है। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि एनडीए एकजुट है। हम मजबूत बहुमत से सरकार बनाएंगे। उन्होंने एक्‍स पर लिखा कि हम एनडीए के साथियों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में सीटों का वितरण पूर्ण किया है।

जदयू 101, भाजपा 101, लोजपा(रा) 29, रालोमो 06 और हम पार्टी को 06 सीटें मिली हैं। एनडीए के सभी दलों के नेता और कार्यकर्ता साथी इसका हर्ष के साथ स्वागत करते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रचंड बहुमत के साथ फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए संकल्पित एवं एकजुट हैं। वहीं, लोजपा(रा) प्रमुख चिराग पासवान ने भी इसकी जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि हम एनडीए परिवार ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सीटों का बंटवारा पूरा किया है।

बिहार है तैयार, फिर से एनडीए सरकार, इस बार पूरे दम के साथ बिहारी फर्स्ट, बिहार फर्स्ट के साथ! वहीं, सीट शेयरिंग के ऐलान के बाद हम प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा कि आल इज वेल। कोई नाराजगी नहीं थी। लोकसभा में एक सीट मिली तो क्या हम नाराज थे?

लेखक न्यूजवाणी बिहार के संपादक हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *