जीएसटी सुधारों की घोषणा से शेयर बाजार में रौनक, सेंसेक्स 676 अंक चढ़ा

Dayanand Roy
3 Min Read

मुंबई: दिवाली तक जीएसटी कर स्लैब में बड़े सुधार किए जाने की घोषणा से वाहन एवं टिकाऊ उपभोक्ता कंपनियों के शेयरों में जबर्दस्त लिवाली से सोमवार को स्थानीय शेयर बाजारों में तेजी रही। सेंसेक्स 676 अंक और निफ्टी 246 अंक चढ़कर बंद हुआ।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 676.09 अंक यानी 0.84 प्रतिशत बढ़कर 81,273.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,168.11 अंक चढ़कर 81,765.77 अंक पर पहुंच गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों सूचकांक निफ्टी भी 245.65 अंक यानी एक प्रतिशत चढ़कर 24,876.95 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 390.7 अंक की बढ़त के साथ 25,022 तक पहुंच गया था। विश्लेषकों ने कहा कि वैश्विक रेटिंग एजेंसी एसएंडपी की तरफ से भारत की साख को बढ़ाए जाने से भी निवेशक धारणा को बल मिला।

सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति का शेयर सबसे अधिक 8.94 प्रतिशत के लाभ में रहा। इसके अलावा बजाज फाइनेंस में पांच प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट में 3.71 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व में 3.7 प्रतिशत की तेजी रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर और ट्रेंट के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।

हालांकि, आईटीसी का शेयर 1.26 प्रतिशत के नुकसान में रहा। इटर्नल, टेक महिंद्रा और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में भी गिरावट का रुख रहा।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘जीएसटी दरों को युक्तिसंगत बनाने का प्रस्ताव आने से घरेलू बाजार की धारणा बेहतर हुई। इसके अलावा अमेरिका-रूस की शिखर बैठक से कोई नया वैश्विक तनाव न पैदा होना भी बाजार के लिए मददगार साबित हुआ।’’

नायर ने कहा कि वाहन खंड ने प्रस्तावित जीएसटी सुधारों से सर्वाधिक लाभान्वित होने वाले क्षेत्र के तौर पर सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की।

वाहन खंड का सूचकांक 4.26 प्रतिशत तक उछल गया। हुंदै मोटर इंडिया का शेयर 8.45 प्रतिशत चढ़ा जबकि अशोक लेलैंड में 8.12 प्रतिशत, टीवीएस मोटर में 6.58 प्रतिशत और हीरो मोटोकॉर्प में 5.9 प्रतिशत की तेजी देखी गई।

केंद्र ने जीएसटी दरों को युक्तिसंगत बनाने के लिए गठित मंत्रिसमूह के समक्ष पांच प्रतिशत एवं 18 प्रतिशत की दो-स्तरीय जीएसटी संरचना के साथ कुछ चुनिंदा वस्तुओं पर 40 प्रतिशत की विशेष दर का भी प्रस्ताव रखा है।

सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर मंत्रिसमूह की 20 और 21 अगस्त को राष्ट्रीय राजधानी में होने वाली दो दिवसीय बैठक में चर्चा की जाएगी।

छोटी कंपनियों का बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 1.39 प्रतिशत तक चढ़ गया जबकि मझोली कंपनियों का मिडकैप एक प्रतिशत तेज रहा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *