ऑपरेशन सिंदूर ने पाक को बता दिया कि भारत आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेगा: राजनाथ सिंह

Dayanand Roy
2 Min Read

उधमपुर (जम्मू-कश्मीर) : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को पाकिस्तान को चेतावनी दी कि अगर भविष्य में भारत की धरती पर कोई भी आतंकवादी हमला होता है तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे क्योंकि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ है और भारत आतंकवाद के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई करने के लिए तैयार है।

रक्षा मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उधमपुर स्थित उत्तरी कमान के जवानों के साथ योग किया। बाद में अपने संबोधन में राजनाथ ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पाकिस्तान को यह संदेश दिया कि भारत को ‘‘हजार घाव’’ देने की उसकी नीति कभी सफल नहीं होगी। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भी इस योग सत्र में भाग लिया। सिंह शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर उधमपुर पहुंचे।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह जम्मू-कश्मीर की उनकी दूसरी यात्रा थी। उन्होंने 15 मई को कश्मीर का दौरा किया था, जिसके कुछ दिन पहले भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए सहमति जताई थी।

रक्षा मंत्री ने कहा ‘‘ऑपरेशन सिंदूर अभी समाप्त नहीं हुआ है… इस ऑपरेशन के जरिए हमने पाकिस्तान को बता दिया कि भारत में आतंकवाद जारी रखने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसका जवाब बद से बदतर होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 की ‘एयर स्ट्राइक’ (सीमा पार) का ही विस्तारित रूप है। हमने पाकिस्तान को बता दिया है कि भारत को ‘‘हजार घाव देने’’ की उसकी नीति कभी सफल नहीं होगी।

रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘भारत की धरती पर कोई भी आतंकी हमला पाकिस्तान के लिए विनाशकारी साबित होगा। भारत आतंकवाद के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई करने के लिए तैयार है।’’ उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने सीमा पार आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट कर दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *