‘5 सुनहरी बाग रोड’ राहुल गांधी का नया पता, जन्मदिन पर सामान पहुंचना शुरू हुआ

Dayanand Roy
2 Min Read

नयी दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर बृहस्पतिवार को उनका सामान ‘5 सुनहरी बाग रोड’ पर पहुंचाया जाना शुरू हो गया, जो उनका नया आवास होगा।

सूत्रों ने बताया कि अभी कुछ दिनों तक उनके सामान को वहां पहुंचाया जाएगा और संभव है कि 21 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र से पहले वह इस बंगले में विधिवत रहना शुरू कर दें।राहुल गांधी बृहस्पतिवार को 55 साल के हो गए। उनका जन्म 19 जून, 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की ज्येष्ठ संतान हैं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा सदस्य और नेता प्रतिपक्ष हैं।

राहुल करीब दो वर्षों से अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के ‘10 जनपथ’ स्थित आवास में रह रहे थे।

इससे पहले वह लंबे समय तक ‘12, तुगलक लेन’ में रहे। वर्ष 2023 में ‘मोदी’ उपनाम मानहानि वाले मामले में अदालती फैसले के बाद लोकसभा सदस्यता जाने के कारण उन्होंने यह घर खाली कर दिया था। बाद में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद उनकी सदस्यता बहाल हो गई थी, लेकिन उसके बाद से उन्होंने अपनी मां के आधिकारिक आवास में रहना जारी रखा।

सुनहरी बाग स्थित आवास में इससे पहले कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ए. नारायणस्वामी रहते थे। वह वर्ष 2021 से 2024 तक मोदी सरकार में सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *