
रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि केंद्र सरकार के पत्र भेजे जाने के बाद भी डीजीपी की नियुक्ति न कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संवैधानिक टकराव को बढ़ावा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लगभग 15 जिलों के पुलिस कप्तान का तबादला तो कर दिया है, लेकिन प्रदेश के पुलिस कप्तान का कोई अता-पता नहीं है। डीजीपी का पद पिछले एक महीने से खाली पड़ा है।

यह स्थिति दर्शाती है कि सरकार जनता की सुरक्षा के साथ लापरवाही बरत रही है। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले की तपिश देर-सबेर मुख्यमंत्री तक तक पहुंच सकती है। ऐसे में अब भी समय है… सही सलाह मान लीजिए।
अन्यथा, जिस तरह आपके पूर्व प्रधान सचिव ने आपके लिए मुश्किलें खड़ी कीं हैं, उसी तरह अनुराग गुप्ता से ग़ैर क़ानूनी और असंवैधानिक तरीक़े से काम लेना भी आपके लिए घातक साबित हो सकता है।


