
रांची : स्वच्छ भारत अभियान सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, यह एक राष्ट्र निर्माण की नींव है। जब हम अपने आसपास को साफ रखते हैं, तो हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और सुंदर भारत बना रहे होते हैं।

बुधवार को ये बातें सेंट माइकल्स पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर डॉ दीपक सिन्हा ने कहीं। वे विद्यालय में नगर निगम की ओर से आयोजित नुक्कड़ नाटक और जन जागरूकता अभियान के दौरान बच्चों को संबोधित कर रहे थे।”

उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वच्छता सिर्फ बाहर की सफाई नहीं है, यह हमारे विचारों और जीवनशैली की शुद्धता भी है। नुक्कड़ नाटक के जरिये छात्रों को स्वच्छ भारत, स्वच्छ विद्यालय और व्यक्तिगत सफाई के महत्व को रोचक तरीक़े से समझाया गया।
कार्यक्रम में छात्रों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर-
‘स्वच्छता ही सेवा है’, ‘गंदगी छोड़ो, स्वच्छता अपनाओ’
जैसे नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। बच्चों को रीसाइकलिंग, प्लास्टिक उन्मूलन और कचरा प्रबंधन के तरीकों से भी अवगत कराया गया।
विद्यालय के निदेशक रमाकांत प्रसाद, प्रधानाध्यापिका श्रावणी पांडे, उप-प्रधानाध्यापक अक्षय कुमार सिन्हा तथा वरिष्ठ शिक्षक निर्मल कुमार चौधरी एवं समस्त शिक्षकों ने मिलकर बच्चों के साथ विद्यालय परिसर और आस-पास की गलियों में सफाई अभियान चलाया। छात्रों ने घर-घर जाकर लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका श्रावणी पांडे ने नगर निगम के आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें “स्वच्छता संरक्षक” की उपाधि से सम्मानित किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और “स्वच्छता शपथ” के साथ हुआ, जिसमें सभी छात्रों और शिक्षकों ने यह संकल्प लिया कि वे स्वच्छता के इस अभियान को न केवल विद्यालय तक सीमित रखेंगे, बल्कि अपने घर, मोहल्ले और समाज में भी उसका प्रचार-प्रसार करेंगे।



