Home » 33वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की बेटियों का दमदार प्रदर्शन

33वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की बेटियों का दमदार प्रदर्शन

by Dayanand Roy

कांस्य पदक पर कब्जा

रांची : 33वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल चैंपियनशिप (सत्र 2025–26) का आयोजन 26 से 28 दिसंबर 2025 तक स्कॉलर पब्लिक स्कूल, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में किया गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की बालिका थ्रोबॉल टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया।

लीग चरण में झारखंड टीम ने अपने अभियान की सशक्त शुरुआत की। पहले मैच में पश्चिम बंगाल को 25-21, 25-23 से पराजित किया। इसके बाद पुडुचेरी के खिलाफ 25-13, 25-14 से एकतरफा जीत दर्ज की। तीसरे लीग मैच में बिहार के साथ हुए  मुकाबले में झारखंड ने 25-08, 25-16 से जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

क्वार्टर फाइनल में झारखंड ने पंजाब को 25-11, 25-16 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में मुंबई जैसी मजबूत टीम के खिलाफ कड़े संघर्ष के बावजूद झारखंड को 14-25, 23-25 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके फलस्वरूप टीम को प्रतियोगिता में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष वेदांत कौस्तव ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “सब-जूनियर स्तर पर हमारी बेटियों ने जिस आत्मविश्वास, अनुशासन और जुझारूपन के साथ खेला है, वह अत्यंत सराहनीय है। सेमीफाइनल में परिणाम हमारे पक्ष में नहीं रहा, लेकिन यह अनुभव खिलाड़ियों को और मजबूत बनाएगा।

मुझे पूरा विश्वास है कि यही टीम आने वाले वर्षों में झारखंड के लिए स्वर्ण पदक जीतने का माद्दा रखती है।” उन्होंने पूरी टीम, कोच और सहयोगी स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

टीम की इस उल्लेखनीय सफलता पर डॉ. राजेश गुप्ता, गोविंद झा, राजेश कुमार, जमील अंसारी, आशुतोष गोस्वामी, विश्वास उरांव, गौतम सिंह, नगीना कुमार, कीर्ति कुमार, सोनू सिंह, देवव्रत कुमार, डॉ. मनीष शाहदेव, राकेश कुमार, नीतीश सिंह, मो. अमीरूल, अमित कुमार, दीपक वर्मा, दीपक कुमार सहित अनेक खेलप्रेमियों एवं पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों की मेहनत, खेल भावना और समर्पण की सराहना करते हुए बधाई दी।

Related Articles

Leave a Comment