
पटना : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने रविवार को अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को ‘‘गैरजिम्मेदाराना व्यवहार’’ के कारण छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया और उनके साथ सभी पारिवारिक संबंध भी तोड़ दिए।

प्रसाद ने दोपहर में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह घोषणा की। लालू प्रसाद यादव ने लिखा- निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमज़ोर करता है।

ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं।
अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है। अपने बड़े भाई को पार्टी से निकाले जाने के फैसले पर तेजस्वी यादव ने कहा है कि हमें यह सब चीजें अच्छी नहीं लगती न हम इसे बर्दाश्त करते हैं।


