
महेश सिन्हा

पटना : कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को यहां करीब 2000 महिलाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने महिला संवाद कार्यक्रम के जरिए बिहार की राजनीति में मजबूत पहल की है।

प्रियंका गांधी ने सदाकत आश्रम में आयोजित ‘शक्ति अधिकार महिला संवाद ‘ कार्यक्रम में महिलाओं का आह्वान किया कि वे अपनी ताकत और सम्मान को पहचानें। उन्होंने अपने संबोधन में मोदी सरकार और नीतीश कुमार के 20 साल के शासन पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकारें सिर्फ महिलाओं को पैसों का लालच देकर वोट बटोरना चाहती हैं, उनके सशक्तिकरण पर ध्यान नहीं देती।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जोड़ा। प्रियंका गांधी ने कहा कि आप अपनी शक्ति को नहीं पहचानती हैं, लेकिन पार्टियां इसे अच्छी तरह समझ रही हैं। इसी वजह से चुनाव से पहले आपको पैसे दिए जा रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि आपके समर्थन के बिना वे सरकार नहीं बना सकते। रोजगार और पलायन के मुद्दे पर उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रोजगार के अभाव में महिलाएं घर संभालती हैं और पुरुषों को मजदूरी के लिए बाहर जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज का बोझ उठाती हैं, लेकिन सरकार उन्हें सशक्त करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाती। उन्होंने कहा कि प्रवास के कारण आपके पति विदेश चले जाते हैं और आप यहां अकेली रहती हैं।
प्रियंका गांधी ने एनडीए की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर कहा कि वे चुनाव से पहले अब क्यों जागे हैं? उनकी सरकार 20 साल से सत्ता में है, 20 सालों में उन्होंने महिलाओं के लिए क्या किया? जिस मानदेय के लिए ये महिलाएं इतना संघर्ष कर रही हैं, उसके लिए इन्होंने पहले कुछ क्यों नहीं किया?” उन्होंने कहा कि वे अभी 10,000 रुपये दे रहे हैं, क्या वे इसे हर महीने देंगे? वे इसे किसे देंगे? सिर्फ इसलिए कि चुनाव आ रहे हैं, वे एक योजना बनाते हैं और पैसे देते हैं। समझते हैं कि इससे महिलाओं के वोट मिल जाएंगे, लेकिन महिलाएं समझदार हैं, जिम्मेदार हैं।
वे समझती हैं कि यह कैसी योजना है। संवाद के बाद प्रियंका गांधी ने मंच पर मौजूद महिलाओं के साथ सेल्फी ली और ‘हम होंगे कामयाब’ गीत भी गाया। कार्यक्रम से पहले उपस्थित महिलाओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए। महिला संवाद के बाद प्रियंका गांधी मोतिहारी के गांधी मैदान रवाना हो गईं, जहां वह ‘हर घर अधिकार रैली’ में जनसभा को संबोधित किया।
लेखक न्यूजवाणी बिहार के संपादक हैं।


