Home » नितिन नवीन 23 को आयेंगे पटना, भव्य स्वागत की तैयारी शुरु

नितिन नवीन 23 को आयेंगे पटना, भव्य स्वागत की तैयारी शुरु

by Dayanand Roy

पटना : भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार 23 दिसंबर को पटना पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा ने राजधानी में भव्य रोड शो और अभिनंदन समारोह की तैयारी शुरू कर दी है।

पार्टी के नये प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में यह जानकरी दी। नितिन नवीन 23 दिसंबर को दोपहर 12:30 बजे  दिल्ली से पटना पहुंचेंगे। पटना एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक नितिन नवीन का भव्य रोड शो आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहेंगे। रोड शो के जरिए पार्टी शक्ति प्रदर्शन भी करेगी।

इस दौरान बिहार भाजपा के तमाम बड़े नेता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। पार्टी के भीतर इस बात की भी चर्चा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस रोड शो में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इसको लेकर भाजपा की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

यदि अमित शाह की मौजूदगी होती है तो यह कार्यक्रम सियासी रूप से और भी महत्वपूर्ण माना जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का रोड शो पटना एयरपोर्ट से निकल कर पटना हाई कोर्ट आयेगा। यहां बाबा साहेब भीम राव अंबेदकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा। इसके बाद रोड शो आयकर चौराहा जायेगा, जहां जेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जायेगा। इसके बाद काफिला मिलर हाई स्कूल मैदान पहुंचेगा। मिलर हाई स्कूल मैदान में एक सभा का आयोजन किया गया है।

इस अभिनंदन सभा में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष समेत तमाम छोटे-बड़े नेता और कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। प्रदेश भाजपा इस पूरे कार्यक्रम को खास बनाने के लिए अपने सभी संगठनों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंप दी है। गौरतलब है कि नितिन नवीन को 14 दिसंबर को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। 15 दिसंबर को दिल्ली में उन्होंने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार संभाला था। भाजपा ने पहली बार बिहार के किसी नेता को राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी  है।

एनडीए नेताओं के बीच इस बात को लेकर उत्साह है। दिल्ली में गुरुवार को एनडीए के सांसदों ने भाजपा के नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया था। उनके सम्मान में भाजपा सांसद संजय जायसवाल के आवास पर आयोजन किया गया था। इस दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, गिरिराज सिंह, जीतनराम मांझी, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद समेत कई नेता मौजूद रहे।

सभी ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। बता दें कि नितिन नवीन का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू होकर संगठन और सरकार तक पहुंचा है।

वे पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से 6 बार विधायक रह चुके हैं और बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री जैसे अहम पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। संगठन में उनकी पकड़, आक्रामक शैली और जमीनी कार्यकर्ताओं से मजबूत जुड़ाव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

Related Articles

Leave a Comment