कोलकाता से आये 15 मुद्रा संग्राहकों ने लगाया है स्टॉल
मुद्रा उत्सव में टाटा स्टील के सिल्वर टोकन भी प्रदर्शित किए गए हैं
जमशेदपुर : लौहनगरी में तीन दिवसीय मुद्रा उत्सव का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। यह उत्सव 18 जनवरी तक चलेगा। साकची के जमशेदपुर क्वाइन म्यूजियम में आयोजित इस मुद्रा उत्सव में दुर्लभ मुद्राओं और सिक्का संग्राहकों के स्टॉल लगाए गए हैं।
यहां टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों को 1932 से अब तक जो सिल्वर टोकन दिए हैं उनकी भी प्रदर्शनी लगी हुई है। म्यूजियम में कोलकाता से आए 15 डीलर्स ने भी अपना स्टॉल लगाया है।
यहां क्वाइन कलेक्टर्स क्लब के प्रीतम बसु का भी पंच मार्क क्वाइन का कलेक्शन प्रदर्शित है। यहां प्रेम पीयूष कुमार का टाटा और मर्सिडीज बेंज का ट्रियो वाला लोगो भी प्रदर्शित है। इस प्रदर्शनी को क्वाइन कलेक्टर्स क्लब की ओर से आयोजित किया गया है।
इस मुद्रा उत्सव में झारखंड, रांची, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार के दूर-दराज के लोग और कलेक्टर अपना सिक्का लेकर आए हैं। प्रदर्शनी की इंट्री फीस मात्र दस रुपये है और सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक दर्शकों के लिए खुली है।
पेशे से इंजीनियर और क्वाइन कलेक्टर्स क्लब के सचिव प्रेम पीयूष कुमार ने बताया कि पहले दिन 1200 से 1500 लोगों ने मुद्रा उत्सव में हिस्सा लिया। गौरतलब है कि जमशेदपुर झारखंड का इकलौता ऐसा शहर है जहां सिक्कों की प्रदर्शनी लगायी जाती है।

