गर्मी और बढ़ते प्रदूषण का असर सबसे पहले हमारी त्वचा पर दिखाई देता है। तेज धूप, धूल और गर्म हवाओं के कारण त्वचा बेजान, रूखी और मुरझाई हुई नजर आने लगती है। ऐसे में फलों से बने प्राकृतिक फेशियल त्वचा को पोषण देने और उसकी चमक बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। खास बात यह है कि इन आसान फेशियल को आप घर पर ही तैयार कर सकती हैं।
कीवी फेशियल से पाएं पोषित त्वचा
कीवी विटामिन ई, सी, के, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। यह त्वचा को फ्री-रेडिकल्स से बचाने और उसे स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। इसे बनाने के लिए 2 चम्मच दही में कीवी का गूदा मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इस मिश्रण को चेहरे और गर्दन पर लगाएं और लगभग 20 मिनट बाद साफ पानी से धो लें। इससे त्वचा को नमी और ताजगी मिलती है।
ऑरेंज-केसर फेशियल से बढ़ाएं प्राकृतिक निखार
संतरा विटामिन सी का बेहतरीन स्रोत है, जो त्वचा की सफाई और चमक बढ़ाने में मदद करता है। वहीं केसर त्वचा को प्राकृतिक ग्लो प्रदान करता है। इसके लिए सूखे संतरे के छिलकों का पाउडर बनाएं। इसमें संतरे का रस, थोड़ा दूध और केसर मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे चेहरे और गर्दन पर लगभग 30 मिनट तक लगाकर रखें, फिर धो लें।
पुदीना-स्ट्रॉबेरी फेशियल से मिले ठंडक और फ्रेशनेस
धूप और गर्मी से होने वाली त्वचा की जलन को कम करने के लिए पुदीना और स्ट्रॉबेरी का मिश्रण बेहद लाभकारी माना जाता है। 3-4 स्ट्रॉबेरी का गूदा बनाकर उसमें पुदीने की पत्तियों का रस मिलाएं। तैयार मिश्रण को चेहरे पर 20 मिनट तक लगाएं और फिर धो लें। इससे त्वचा को ठंडक, ताजगी और प्राकृतिक चमक मिलती है।
प्राकृतिक फलों से बने ये आसान फेशियल गर्मियों में त्वचा को पोषण, नमी और चमक प्रदान करने में मदद कर सकते हैं। नियमित देखभाल से त्वचा स्वस्थ और फ्रेश बनी रहती है।
