सरकार ने मानसून सत्र से पहले बुलाई सर्वदलीय बैठक

Dayanand Roy
2 Min Read

नयी दिल्ली: संसद के मानसून सत्र से पहले सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक रविवार को यहां जारी है जिसमें विपक्ष द्वारा बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और पहलगाम आतंकवादी हमले सहित विभिन्न मुद्दों को उठाए जाने की संभावना है।

बैठक में सरकार द्वारा सदन के सुचारू संचालन के लिए विपक्षी दलों से सहयोग का अनुरोध किए जाने की संभावना है।

विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता इस बैठक में भाग ले रहे हैं, जिसमें सरकार का प्रतिनिधित्व संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू और उनके कनिष्ठ मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कर रहे हैं।

कांग्रेस के गौरव गोगोई एवं जयराम रमेश, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)-शरदचंद्र पवार की सुप्रिया सुले, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के टी आर बालू और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई-ए) के नेता एवं केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले बैठक में भाग लेने वाले सांसदों में शामिल हैं।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के 24 दलों के प्रमुख नेताओं ने संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले शनिवार को फैसला किया कि वे पहलगाम आतंकवादी हमले, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अचानक रोके जाने, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान सैन्य टकराव के बीच मध्यस्थता संबंधी दावे, बिहार में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कई अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *