महेश कुमार सिन्हा
पटना : राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा से उत्साहित कांग्रेस अब बिहार विधान सभा चुनाव से पहले पार्टी की केन्द्रीय कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के जरिए अपना दमखम दिखायेगी। आजादी के बाद पहली बार बुधवार को पटना के सदाकत आश्रम में होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति की विस्तारित बैठक को यादगार बनाने की पूरी तैयारी की गई है।
पूरे शहर को होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों से पाट दिया गया है।इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत देश भर से 200 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
इनमें तेलंगाना और कर्नाटक के मुख्यमंत्री,सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी तथा विधायक दल के नेता भी होंगे। कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने बताया कि बैठक में बिहार सहित पूरे देश के मुद्दों पर चर्चा होगी और कई प्रस्ताव पारित किए जायेंगे।
अल्लावरु के मुताबिक अभी देश में वोट चोरी सबसे प्रमुख मुद्दा है। उनका कहना है कि बिहार की धरती से एक बार फिर देश की आजादी की दूसरी लड़ाई लड़ी जानी है। सदाकत आश्रम देश की आजादी की लड़ाई का गवाह रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार विधान सभा चुनाव से ठीक पहले पटना के सदाकत आश्रम में कार्यसमिति की विस्तारित बैठक के आयोजन के पीछे कांग्रेस का मकसद बिहार में पार्टी की जमीन को मजबूत करना और अपने खोये हुए जनाधार को वापस लाने का है।
दरअसल बिहार में 90 के दशक से कांग्रेस सत्ता से दूर है।इसकी हैसियत राजद के पिछलग्गू की हो गई है। कांग्रेस अब इस छवि से बाहर निकल कर अपनी खोई प्रतिष्ठा फिर से पाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा ने यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरा है।पार्टी इसे बरकरार रखना चाहती है। कार्यसमिति की बैठक से कार्यकर्ताओं का मनोबल और बढ़ेगा और उनमें नये जोश का संचार होगा। कांग्रेस और खास कर, राहुल गांधी बिहार में अपना जनाधार बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अति पिछड़ा वोट बैंक में भी सेंधमारी की जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार कार्यसमिति की विस्तारित बैठक के बाद राहुल गांधी अतिपिछड़ा वर्ग के लोगों के साथ अलग से संवाद करेंगे। इससे पहले भी वह नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के राजगीर में अतिपिछड़ों के साथ संवाद स्थापित कर चुके हैं।
लेखक न्यूजवाणी बिहार के संपादक हैं।
