झामुमो की पीठ पर खंजर घोपने वाले को भाजपा ने बनाया घाटशिला से प्रत्याशी : डॉ तनुज खत्री

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य डॉ० तनुज खत्री ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की पीठ पर खंजर घोपने वाले व्यक्ति को भाजपा ने घाटशिला उपचुनाव में प्रत्याशी बनाकर यह साबित कर दिया है कि भाजपा के पास झारखंड में अपने सशक्त और प्रतिबद्ध नेता नहीं बचे हैं। दूसरे दलों से आए अवसरवादी चेहरे ही भाजपा की पहली पसंद बन चुके हैं।

डॉ० तनुज ने कहा कि जब भाजपा ने झूठे आरोपों में झारखंड के  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल में बंद रखा था, उस कठिन समय में हेमंत सोरेन ने जिस व्यक्ति पर सबसे अधिक भरोसा जताया और उन्हें मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी, वही व्यक्ति आज भाजपा की गोद में जाकर बैठ गया। यह न केवल व्यक्तिगत विश्वासघात है बल्कि झारखंड की अस्मिता और जनादेश के साथ भी धोखा है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की राजनीति में सभी दलों की अपनी विचारधारा और परंपरा है, लेकिन भाजपा की पहचान अब सिद्धांत आधारित राजनीति से हटकर विश्वासघात और अवसरवाद की राजनीति बन चुकी है। भाजपा झारखंड की जनभावनाओं के बजाय दल-बदलू संस्कृति और सत्तालोलुप चेहरों के सहारे आगे बढ़ना चाहती है।

डॉ० तनुज ने विश्वास व्यक्त किया कि घाटशिला की जनता स्वर्गीय रामदास सोरेन को सच्ची श्रद्धांजलि देगी और सोमेश सोरेन की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करेगी। यह जीत झारखंड की अस्मिता, निष्ठा और जनविश्वास की जीत होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *