बिहार की जीत बंगाल से केरल तक जाएगी : नितिन नवीन

Dayanand Roy
6 Min Read

पंचायत से पार्लियामेंट तक भगवा लहराएगा तब भाजपा की असली जीत होगी

महेश कुमार सिन्हा

पटना : भाजपा के  कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन मंगलवार को पहली बार पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित अन्य लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। हवाई अड्डे पर संजय सरावगी ने मखाना की माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

वहीं उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शॉल और पुष्प गुच्छ भेंटकर नितिन नवीन का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद पटना एयरपोर्ट से मिलर हाईस्कूल तक  6 किलोमीटर रोड शो का आयोजन किया गया था। रोड शो  बाद मिलर हाईस्कूल  मैदान में नितिन नवीन का अभिनंदन किया गया। अभिनंदन समारोह में  नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करता है। बिहार की प्रचंड जीत पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और नीतीश की जोड़ी बिहार की जीत का बड़ा कारण है।

बिहार की जीत बंगाल से केरल तक जाएगी, यह निश्चित है। उन्होंने कहा कि कार्कर्ताओं को यह संदेश देना जरूरी है कि राजनीति शॉर्टकट का काम नहीं है। जिसे जो जिम्मेदारी दी जाए वो उस काम को बखूबी करें। पार्टी बूथ से उठाकर शीर्ष पर ले जाएगी। पंचायत से पार्लियामेंट तक भगवा लहराएगा तब भाजपा की असली जीत होगी। बिहार में 1 लाख से ज्यादा पंचायत स्तर पर युवा नेतृत्व तैयार करना है। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी पर तंज करते हुए कहा कि राहुल गांधी की तरह पार्ट टाइम पॉलिटिक्स नहीं करना है।

वो जर्मनी की जमीन पर जाकर देश को गाली दे रहे हैं और देश में रह कर भी देश को गाली दे रहे हैं। ऐसे लोगों को चोट देने का समय आ गया है। राहुल गांधी के साथ ही उन्होंने तेजस्वी यादव पर तंज करते हुए कहा कि, बिहार में भी एक पार्ट टाइम पॉलिटीशियन है। चुनाव हारते हैं तो वो विदेश घूमने चले जाते हैं।  उन्होंने बिहार की जनता का धन्यवाद देते हुए कहा कि बिहार की जनता के आशीर्वाद के बदौलत ही आज मैं इस जगह हूं। मैं बिहार के कार्यकर्ताओं के साथ हमेशा खड़ा रहूंगा।

नितिन नवीन ने कहा कि पिताजी नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा जी ने जो राजनीति मुझे विरासत में दी, कार्यकर्ताओं के बीच रहकर काम करना सिखाया। उसे ही लेकर  मैं चल रहा हूं। उन्होंने कहा कि पिताजी को तो काम करते हुए मैंने नहीं देखा, क्योंकि मैं राजनीति में नहीं था, लेकिन लोग बताते हैं कि कैसे एक -एक कार्यकर्ता को वे परिवार का हिस्सा मानते थे। नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा का परिवार बहुत बड़ा है।

आज हमारे कार्यकर्ता सोचते हैं कि काम कैसे करें? मैं उनसे कहता हूं कि राजनीति शॉर्टकट नहीं है, यह लांग टर्म काम है। आप काम करते रहिए, आलाकमान की सब पर नजर है। उन्होंने कहा कि बिहार को बहुत बड़ा मैंडेट मिला है तो हमारी ​जवाबदेही भी बढ़ी है। सरकार तो काम करेगी ही, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार के काम को लोगों तक ले जाएं। बिहार में युवाओं के लिए बड़ा अवसर आने वाला है। एक करोड़ लोगों को नौकरी-रोजगार देने का वादा पूरा करना है। उन्होने कहा कि मैं देश में कहीं भी रहूं बिहार और  बांकीपुर की याद हमेशा रहेगी।

एयरपोर्ट के बाहर भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष के स्वागत के लिए जन सैलाव उमड़ा। हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता रोड शो में शामिल हुए। पटना एयरपोर्ट के आसपास की सड़कों पर कई किलोमीटर का लंबा जाम लग जिसमें क्या आम और क्या खास हर कोई जाम में फंसा नजर आये। नितिन नवीन के स्वागत में पटना का ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा सहित कई मंत्री जाम में फंस गये और आखिरकार पैदल एयरपोर्ट पहुंचे। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के अलावा मंत्री दिलीप जायसवाल, मंगल पांडेय सहित ऋतुराज सिन्हा, संजीव चौरसिया आदि बीच सड़क पर ही अपने वाहन से उतर गए और वहां से पैदल ही एयरपोर्ट गए।

पटना एयरपोर्ट से निकलते ही कार्यकर्ताओं का सैलाब, भगवा झंडे, ढोल-नगाड़े और नारों के साथ उनका काफिला शहर की सड़कों से गुजरता रहा। यह रोड शो केवल स्वागत यात्रा नहीं, बल्कि यह पैग़ाम भी दिया कि बिहार भाजपा में नितिन नवीन की हैसियत और भूमिका कितनी अहम है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद थी। मिलर स्कूल ग्राउंड में प्रवेश के लिए कड़ी जांच व्यवस्था ल की गई थी। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल के साथ-साथ मजिस्ट्रेट की भी प्रतिनियुक्ति की गई थी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

मिलर हाई स्कूल मैदान में एक विशाल मंच तैयार किया गया था, जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तस्वीरें लगी थी। मंच के केंद्र में नितिन नबीन का औपचारिक स्वागत का स्थान था। प्रदेश भर से बुलाए गए भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पहले नितिन नबीन का अभिनंदन किया गया। इसके बाद पार्टी के बड़े नेताओं के भाषण हुए और अंत में खुद नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *