Home » इस साल  के अंत तक देश भर के विधानसभाओं का डिजिटाइजेशन हो जाएगा : ओम बिड़ला

इस साल  के अंत तक देश भर के विधानसभाओं का डिजिटाइजेशन हो जाएगा : ओम बिड़ला

by Dayanand Roy

मूल्यों की विरासत को संभालना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए : हरिवंश

पटना : बिहार विधानसभा का 106वां स्थापना दिवस शनिवार को पूरे शान-ओ-शौकत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बतौर मुख्य अतिथि शामिलहुए।

समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने भी हिस्सा लिया।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसमें बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार,  विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह और बड़ी संख्या में विधायक एवं विधान पार्षद शामिल हुए। इस मौके पर “सशक्त विधायक-सशक्त लोकतंत्र”विषय  पर  परिचर्चा का आयोजन किया गया ।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने आख्यान में बिहार को देश की लोकतांत्रिक चेतना की जननी बताते हुए कहा कि बिहार केवल एक राज्य नहीं बल्कि विचार और विमर्श की भूमि है।उन्होंने कहा कि वैशाली से ही सभा, समिति, संवाद और सामूहिक निर्णय की परंपरा शुरू हुई थी। यही परंपरा आज संसद और विधानसभाओं के रूप में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से ही देश को मजबूत नेतृत्व मिलता रहा है। ओम बिरला ने बिहार के विधायकों से अपील की कि वे सदन की कार्यवाही को केवल विरोध और शोर का मंच न बनाएं। उन्होंने कहा कि सदन की नियम और परंपराएं किसी बाधा के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बनाई गई हैं।

जब नियमों के तहत जनता की समस्याएं उठाई जाती हैं तो सरकार के कामकाज में पारदर्शिता आती है और जवाबदेही तय होती है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जनता बड़ी उम्मीदों के साथ अपने प्रतिनिधियों को चुनकर भेजती है और हर विधायक का कर्तव्य है कि वह अपने क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति की आवाज को मजबूती से सदन तक पहुंचाए।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधायक केवल कानून बनाने वाले नहीं होते, बल्कि वे जनता की आवाज होते हैं। अगर सदन में सार्थक और नियमबद्ध चर्चा होगी तो सदन की मर्यादा अपने आप बढ़ेगी। उन्होंने चिंता जताई कि आज देश के कई सदनों में शोर शराबा बढ़ रहा है, जिससे लोकतंत्र की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने विधायकों से अपील की कि वे सदन की नियम और परंपराओं की पूरी जानकारी रखें। जब नियमों के तहत जनता की बात रखी जाती है तो सरकार के कामकाज में पारदर्शिता आती है।

ओम बिरला ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि 2026 के अंत तक देश की सभी राज्य विधानसभाओं का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया जाएगा। संसद और विधानसभाओं की कार्यवाही एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। इससे विधायकों को कानून, प्रस्ताव और संसदीय प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। साथ ही आम जनता भी सदन की कार्यवाही को सीधे देख और समझ सकेगी। इससे लोकतंत्र और मजबूत होगा।

 केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार विधान परिषद लाइव टेलीकास्ट शुरू करने वाला पहला सदन है जो गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का प्रयास है कि बिहार को हर संभव मदद भी दी जाए और बिहार से सीख भी ली जाए। उन्होंने माना कि बिहार से चुनाव जीतकर आने वाले जनप्रतिनिधि आमतौर पर अच्छे वक्ता होते हैं। किरेन रिजिजू ने कहा कि बिहार ज्ञान की धरती है। भगवान बुद्ध ने यहीं से दुनिया को बौद्ध धर्म का उपदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमें बिहार से बहुत कुछ सीखना है।

 बिहारी होने पर आप सबों को गर्व होना चाहिए। किरेन रिजिजू ने अपने संसदीय जीवन का अनुभव  बताते हुए कहा कि वे इंग्लैंड में जब एक संसदीय टूर पर गए थे तब उन्होंने भारत और वहां के सांसदों के बीच के अंतर को महसूस किया। जहां भारत में एक सांसद करीब 25 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करता है, वहीं इंग्लैंड में एक सांसद सिर्फ 90 हजार लोगों का प्रतिनिधि होता है। इतना ही नहीं भारत में सांसद और विधायक को जनता की अजीब अजीब समस्या सुलझानी पड़ती है। जैसे कोई जेल गया तो बेल दिलाना, किसी का अस्पताल में दाखिला करना, स्कूल में एडमिशन कराना, नाला और बिजली तक के लिए सिफारिश करना। वहीं इंग्लैंड में इन कामों के लिए कोई जनप्रतिनिधियों के पास नहीं जाता। वहां के सांसद मुख्यतः पॉलिसी यानी नीतियां बनाने पर ही चर्चा करते हैं।

 राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप संसद और विधानसभा के चलने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मूल्यों की विरासत को संभालना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा विधायकों को सशक्त बनाने में तकनीक से पूरी तरह सक्षम है। ईविधान से जनता अपने विधायकठ का आकलन आसान हो गया है। हरिवंश ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने नया आकार लिया है। बिहार अपने गौरवशाली इतिहास के साथ नवीनतम तकनीक को अंगीकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि संसदीय मर्यादाओं का पालन करने के लिए नीतीश कुमार  हमेशा प्रेरित करते रहे हैं। जदयू के राज्यसभा सांसद के रूप में निर्वाचित होने के बाद अपने अनुभव बताते हुए हरिवंश ने कहा कि नीतीश कुमार ने कभी नहीं कहा कि वेल में जाकर हंगामा करें। वे हमेशा कहते हैं कि संसदीय मर्यादाओं का पालन कर सार्थक चर्चा करें।

ओम बिड़ला ने इससे पहले डिजिटल बिहार विधानसभा का उद्घाटन किया और रिमोट का बटन दबाकर डिजिटल नेशनल ई-विधान एप को लॉन्च किया। इसके साथ ही बिहार विधानसभा ने कागज़ी कार्यवाही से निकलकर डिजिटल लोकतंत्र के नए दौर में क़दम रख दिया। इस पहल से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि लाखों पन्नों की बचत भी होगी यानी तकनीक के सहारे सुशासन।

Related Articles

Leave a Comment