
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने आजसू पार्टी की सोमवार को की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस को पूरी तरह राजनीतिक प्रपंच और जनता को गुमराह करने की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी झारखंड में ओबीसी आरक्षण को 24 से घटकर 14 प्रतिशत करने के लिए जिम्मेदार है, वह आज आरक्षण पर नैतिकता की दुहाई दे रही है, यह झारखंड की जनता के साथ एक भद्दा मजाक है। आजसू पार्टी अपनी ऐसी दिशाहीन नीतियों के कारण आज जनता के बीच अपना जनाधार खो चुकी है। पिछले चुनावों के परिणाम पर गौर करें तो ये साफ नजर आता है कि आजसू पार्टी का अब कोई जनाधार नहीं बचा है।


OBC आरक्षण में कटौती में आजसू की भूमिका
विनोद पांडेय ने कहा कि जब झारखंड की लोकप्रिय हेमंत सरकार ने ओबीसी को 27% आरक्षण देने की पहल की थी, तब न्यायालय में जाकर इसे रोकने की कोशिश NDA गठबंधन के सहयोग से हुई थी। आजसू पार्टी NDA का महत्वपूर्ण घटक दल है। आजसू पार्टी को पहले यह बताना चाहिए कि ओबीसी आरक्षण पर उसका स्टैंड क्या है? अगर वह ओबीसी के हक में है, तो पहले यह स्पष्ट करे कि अदालत में आरक्षण रोकने वालों के साथ वह क्यों खड़ी थी ? और आजसू के साथ गठबंधन वाली बाबूलाल मरांडी की सरकार में ओबीसी आरक्षण घटाया गया था, तब आजसू पार्टी सहमत क्यों थी। आजसू पार्टी अपने इतिहास के इस कलंक को कभी नहीं मिटा सकती।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी स्पष्ट नीतियों और के कारण आज देश के सबसे बड़े आदिवासी नेता यूं ही नहीं बन गए हैं – उनके कार्यों से, नीतियों से, निर्णयों से, योजनाओं से समाज का हर वर्ग लाभान्वित है, खुश है। माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुकाबला करने के लिए सबसे पहले जरूरी है उनके जैसा उदार और संवेदनशील बनना।
आरक्षण पर सवाल उठाने से पहले आत्ममंथन करे आजसू
उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी निजी क्षेत्र में 75% आरक्षण पर सवाल उठा रही है। आरक्षण को लेकर कोर्ट में बाधाएं खड़ी करने वाले कौन लोग हैं, यह सबको पता है।
सरकार नीतियां बना रही है, कोर्ट की प्रक्रिया का सम्मान कर रही है, लेकिन आजसू जैसे दल युवाओं की भावनाओं से खेलने का काम कर रहे हैं।


